सरकारी कर्मचारियों को हनुमान बताने पर CM रेखा गुप्ता के खिलाफ शिकायत दर्ज?
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (04 October 2026): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) के एक कथित बयान को लेकर मामला अब अदालत तक पहुंच गया है। सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की तुलना भगवान हनुमान से करने वाली कथित टिप्पणी के खिलाफ दायर याचिका पर राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से एक्शन टेकन रिपोर्ट तलब की है। मामले की सुनवाई एडिशनल चीफ जुडिशियल मजिस्ट्रेट अश्विनी पंवार की अदालत में हुई। अदालत ने पुलिस से मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी है और अगली सुनवाई के लिए 15 अक्टूबर की तारीख तय की है।
यह याचिका रामनिवास शर्मा की ओर से दायर की गई है। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील संजीत कुमार ने अदालत को बताया कि 23 सितंबर को कश्मीरी गेट बस अड्डे पर दिल्ली से उत्तर प्रदेश के बड़ौत के लिए डीटीसी की अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को लेकर टिप्पणी की थी। याचिका में आरोप लगाया गया है कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भगवान हनुमान की संज्ञा देते हुए उनके काम करने के तरीके को लेकर एक टिप्पणी की।
याचिकाकर्ता के वकील के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कथित तौर पर कहा था कि सरकारी अधिकारी और कर्मचारी तभी कड़ी मेहनत करते हैं, जब उनके ‘पूंछ में आग लगती है’। इस कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के कई अधिकारी और कर्मचारी तथा आम लोग मौजूद थे। याचिका में यह भी कहा गया है कि मुख्यमंत्री का यह कथित संबोधन विभिन्न जगहों पर प्रकाशित हुआ था। इसी टिप्पणी को आधार बनाकर शिकायतकर्ता ने अदालत से दिल्ली पुलिस को मुख्यमंत्री के खिलाफ मामला दर्ज करने और कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।
शिकायत में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता यानी BNSS की धारा 175(3) के तहत अदालत का रुख किया गया है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि मुख्यमंत्री की कथित टिप्पणी को लेकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। हालांकि, फिलहाल अदालत ने मामले में कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। अदालत ने केवल दिल्ली पुलिस से एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी है, जिसके बाद मामले की आगे की दिशा तय होगी।
अब इस मामले में अगली सुनवाई 15 अक्टूबर को होगी। उस दिन दिल्ली पुलिस अदालत के सामने अपनी रिपोर्ट पेश कर सकती है और यह स्पष्ट हो सकता है कि शिकायत पर पुलिस ने क्या कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कथित बयान को लेकर दायर यह याचिका ऐसे समय में सामने आई है, जब दिल्ली की राजनीति में सरकार के फैसलों और नेताओं के बयानों को लेकर लगातार राजनीतिक और कानूनी बहस देखने को मिल रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।