Noida News (04/10/2026): नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी के एस्पायर टावर में शनिवार को 29 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की ऊंचाई से गिरने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर निवासी संभव जैन के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संभव पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था।
पुलिस के मुताबिक, संभव ने 2 अक्टूबर को सुपरनोवा में कमरा नंबर 4228 किराए पर लिया था और दोपहर करीब ढाई बजे चेक-इन किया था। शनिवार सुबह करीब 11:27 बजे वह कमरे से बाहर आया और टावर की ऊंचाई से गिर गया। घटना के दौरान पास के कमरे में काम कर रहे एसी टेक्नीशियनों की नजर उस पर पड़ी।
एसी टेक्नीशियनों ने समझाने की कोशिश की
पुलिस के अनुसार, संभव को परेशानी की स्थिति में देखकर तीन एसी टेक्नीशियन तुरंत उसकी ओर पहुंचे और उसे वापस अंदर आने के लिए समझाने का प्रयास किया। टेक्नीशियनों ने उसे काफी देर तक रोकने और समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संभव ने टेक्नीशियनों से कहा था कि वह काफी ज्यादा तनाव में है और अब जीना नहीं चाहता। इसके कुछ देर बाद वह ऊंचाई से नीचे गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-126 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटना से जुड़े CCTV फुटेज को जांच के लिए सुरक्षित किया गया है।
पिता से WhatsApp पर लगातार होती रही बातचीत
जांच के दौरान पुलिस को संभव के मोबाइल फोन से उसके पिता के साथ हुई WhatsApp बातचीत भी मिली है। पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले संभव ने अपने पिता को हिंदी और अंग्रेजी में कई संदेश भेजे थे। इन संदेशों में उसने अपनी परेशानियों और आर्थिक स्थिति का जिक्र किया था।
पिता लगातार उसे समझाते रहे और घर वापस आने के लिए कहते रहे। उन्होंने उसे ऐसा कदम नहीं उठाने की अपील भी की थी। पुलिस ने मोबाइल फोन और WhatsApp चैट को जांच का हिस्सा बनाया है।
मोबाइल में मिला घटना से पहले रिकॉर्ड किया गया वीडियो
पुलिस को संभव के मोबाइल फोन से घटना से पहले रिकॉर्ड किया गया करीब दो मिनट का वीडियो भी मिला है। पुलिस के अनुसार, वीडियो में भी उसने अपनी आर्थिक स्थिति और व्यक्तिगत परेशानियों का उल्लेख किया था।
प्रारंभिक जांच में ऐसा कोई स्पष्ट आरोप सामने नहीं आया है, जिसमें उसने किसी व्यक्ति को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया हो। पुलिस वीडियो, WhatsApp बातचीत और CCTV फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
बच्चे के इलाज पर परिवार ने खर्च किए 35 से 40 लाख रुपये
परिजनों के मुताबिक, संभव की शादी वर्ष 2024 में हुई थी। वर्ष 2025 में उसका बच्चा समय से पहले पैदा हुआ था और जन्म के बाद से ही उसकी तबीयत खराब रहती थी। परिवार के अनुसार, बच्चे के इलाज पर करीब 35 से 40 लाख रुपये खर्च किए जा चुके थे, लेकिन उसकी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बनी हुई थीं।
इसी बीच संभव का पत्नी से कोर्ट के जरिए तलाक भी हो गया था। परिवार के मुताबिक, वह अपनी सेहत को लेकर भी चिंतित रहता था। बताया जा रहा है कि इन पारिवारिक और आर्थिक परिस्थितियों के कारण वह काफी तनाव में था और करीब तीन दिनों से घर नहीं गया था।
चेक-इन से घटना तक की CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सेक्टर-126 थाना पुलिस ने सुपरनोवा परिसर में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग जुटाई है। इसमें संभव के परिसर में पहुंचने, चेक-इन करने और कमरे तक जाने से संबंधित फुटेज शामिल हैं। घटना के समय मौजूद एसी टेक्नीशियनों और होटल कर्मचारियों से भी पुलिस ने पूछताछ कर जानकारी जुटाई है।
फिलहाल पुलिस के पास मोबाइल फोन, पिता के साथ हुई WhatsApp बातचीत, घटना से पहले रिकॉर्ड किया गया वीडियो और CCTV फुटेज जैसे इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य हैं। पुलिस इन सभी साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।
सुपरनोवा परिसर में पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
सुपरनोवा परिसर में इससे पहले भी ऊंचाई से गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जनवरी 2023 में दिल्ली के रानी बाग निवासी 43 वर्षीय प्रॉपर्टी कंसल्टेंट रोहित कुमार की ऊंचाई से गिरने के बाद मौत हुई थी। जून 2023 में केरल निवासी 23 वर्षीय इंजीनियर अर्जुन अलोसियस की भी ऊंचाई से गिरने के बाद जान चली गई थी।
अगस्त 2025 में सेवानिवृत्त IRS अधिकारी के बेटे रवि शर्मा का शव भी सुपरनोवा परिसर में मिला था। शुरुआती जांच में उनके ऊंचाई से गिरने की आशंका जताई गई थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।