राहुल गांधी ने शुरू की ‘सत्याग्रह’ पहल, हक के लिए लड़ रहे लोगों की आवाज को साथ लाना जरूरी
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (03 October 2026): कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने देशभर में अपने अधिकारों और न्याय के लिए संघर्ष कर रहे लोगों को एक मंच पर लाने की पहल की है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ‘सत्याग्रह’ नाम से शुरू की गई इस पहल के बारे में जानकारी दी। राहुल गांधी ने कहा कि देशभर में लोग अपने हक के लिए लड़ रहे हैं, लेकिन कई बार उन्हें अकेले ही संघर्ष करना पड़ता है। उनके मुताबिक, अलग-अलग वर्गों के संघर्षों को एक-दूसरे से जोड़ने की जरूरत है।
राहुल गांधी ने कहा कि Gen Z, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित और महिलाएं समेत अलग-अलग वर्गों के संघर्ष की अपनी-अपनी कहानी है। उन्होंने कहा कि जब किसी व्यक्ति की आवाज अकेले उठती है तो उसे दबाया जा सकता है, लेकिन कई आवाजें एक साथ उठें तो उनकी बात को व्यापक स्तर पर सामने लाया जा सकता है। ‘सत्याग्रह’ पहल के जरिए इन संघर्षों और लोगों की कहानियों को एक नक्शे पर साथ लाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि देश के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे आंदोलनों और समस्याओं की तस्वीर सामने आ सके।
कांग्रेस (Congress) नेता ने महात्मा गांधी के सत्य और एकजुटता के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि सच सबसे बड़ा हथियार है, लेकिन उसके साथ खड़े होने वाली एकता भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने देश के उन लोगों से अपनी कहानी साझा करने की अपील की, जो किसी तरह के अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि इस पहल के माध्यम से लोग यह भी देख सकेंगे कि उनके जैसे अन्य लोग देश के किन हिस्सों में अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि अपनी कहानी साझा करने में करीब दो मिनट लगेंगे और उसे ‘सत्याग्रह’ के नक्शे पर शामिल किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों की आवाज को संसद, सड़क और पत्र के माध्यम से उठाने समेत जहां भी उनकी जरूरत होगी, वहां वे उनके साथ खड़े होने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में लोगों के मुद्दों के साथ खड़ा होना उनकी जिम्मेदारी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।