नोएडा से लापता बाउंसर की दिल्ली में मिली लाश, चाकू से हत्या की आशंका

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (03/10/2026): सेक्टर-71 से 24 सितंबर की रात संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुए बाउंसर अजय चौधरी का शव दिल्ली के गाजीपुर फूल मंडी के पास नाले से बरामद हुआ। परिजनों ने शव की पहचान अजय के रूप में की है। मामले में मयूर विहार फेज-1 थाना पुलिस ने हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। प्रारंभिक तौर पर अजय की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

ऑटो की फोटो भेजकर जताई थी अनहोनी की आशंका

पूर्वी दिल्ली के चिल्ला गांव निवासी प्रवेश चौधरी के मुताबिक, अजय सेक्टर-121 स्थित एक कारोबारी के यहां ड्राइवर और बाउंसर के तौर पर काम करता था। 24 सितंबर की रात वह सेक्टर-71 से आनंद विहार जाने के लिए ऑनलाइन माध्यम से वाहन लेकर निकला था।

रास्ते में अजय ने परिवार के सदस्यों को ऑटो की फोटो और उसकी नंबर प्लेट भेजी थी। फोन पर उसने बताया था कि वह इसी ऑटो से आगे जा रहा है और उसे किसी अनहोनी की आशंका महसूस हो रही है। इसके कुछ समय बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।

दुकान से पानी और नमकीन खरीदी, परिवार को भेजी तस्वीर

पुलिस की जांच में सामने आया कि आनंद विहार पहुंचने के बाद अजय ने एक दुकान से पानी की बोतल और नमकीन खरीदी थी। करीब 150 रुपये का सामान लेने के बाद उसने दुकान की तस्वीर भी परिवार को भेजी थी। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका।

परिजनों ने तत्काल मयूर विहार फेज-1 थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। परिवार का आरोप है कि दिल्ली पुलिस ने नोएडा फेज-3 थाना पुलिस से संपर्क किया था, लेकिन अजय की तलाश समय रहते नहीं हो सकी।

हैबतपुर में दोस्त से मिला, छिजारसी में रैपिडो चालक से हुआ विवाद

जांच के दौरान अजय की गतिविधियों की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस को पता चला कि वह सेक्टर-71 से रैपिडो बाइक के जरिए हैबतपुर पहुंचा था। वहां उसने करीब एक घंटे तक अपने दोस्त के साथ समय बिताया। इसके बाद वह दूसरी रैपिडो बाइक से घर के लिए रवाना हुआ।

बताया जा रहा है कि सेक्टर-63 के छिजारसी इलाके के पास अजय का रैपिडो चालक से विवाद हो गया था। इसके बाद उसने ऑटो लिया और आनंद विहार की तरफ चला गया। इसी दौरान उसने परिवार को ऑटो की तस्वीर और नंबर प्लेट भेजी थी। इसके कुछ देर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।

26 सितंबर को नोएडा में दर्ज हुई गुमशुदगी

परिजनों ने अजय के नहीं मिलने पर 26 सितंबर को नोएडा के फेज-3 थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी बीच दिल्ली के आनंद विहार थाना क्षेत्र में गाजीपुर फूल मंडी के पास नाले से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हो चुका था। पुलिस ने शव को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया था।

शव की पहचान नहीं हो पाने के कारण उस समय परिवार तक इसकी सूचना नहीं पहुंच सकी। गुरुवार रात परिजनों ने मोर्चरी पहुंचकर शव की पहचान अजय चौधरी के रूप में की।

पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने किया प्रदर्शन

शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के दौरान परिजनों ने मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन किया। इसके बाद मयूर विहार फेज-1 थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

अब पुलिस अजय की आखिरी गतिविधियों और उसके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच में रैपिडो बाइक चालक से हुए विवाद, ऑटो चालक, आनंद विहार की दुकान और घटनाक्रम वाले रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अहम माना जा रहा है। पुलिस इन सुरागों के आधार पर अजय की मौत से जुड़ी घटनाओं की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।