कुलगाम मुठभेड़ में लश्कर कमांडर लतीफ भट ढेर

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Jammu And Kashmir News (18 November 2026): जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली। सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का मोस्ट वांटेड स्थानीय आतंकवादी कमांडर लतीफ भट मारा गया। वह कश्मीर घाटी में सक्रिय आखिरी स्थानीय आतंकवादी बताया जा रहा था। बुधवार सुबह से ही कुलगाम के एक इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकवादी के बीच मुठभेड़ जारी थी। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर उसे चारों तरफ से घेर लिया था। अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ भट को जिंदा पकड़ने के लिए आत्मसमर्पण करने का मौका भी दिया गया, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया।

कुलगाम के एसएसपी अनायत अली ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिले पुख्ता इनपुट के आधार पर संयुक्त अभियान चलाया गया था। सुरक्षा बलों ने योजनाबद्ध तरीके से उस इलाके की घेराबंदी की, जहां लतीफ भट के छिपे होने की जानकारी मिली थी। पुलिस अधिकारियों ने उसे सरेंडर करने के लिए समझाने की कई कोशिशें कीं। एसएसपी ने खुद वीडियो कॉल के जरिए उससे बात की और अंदर उपलब्ध कराए गए फोन से भी काफी देर तक बातचीत की। उसे समझाया गया कि वह अभी जवान है और उसके सामने पूरी जिंदगी पड़ी है, इसलिए हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौट आए। हालांकि, आतंकवादी ने किसी भी अपील को स्वीकार नहीं किया।

पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पण से इनकार करने के बाद लतीफ भट एक मस्जिद में घुस गया और बुधवार तड़के करीब 2:45 बजे सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन करते हुए जवाबी कार्रवाई की। मस्जिद को नुकसान से बचाने के लिए सुरक्षा बलों ने बेहद नियंत्रित तरीके से ऑपरेशन चलाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया था कि आतंकवादी को निष्क्रिय करने के साथ धार्मिक स्थल को न्यूनतम नुकसान पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।

लतीफ भट सोमवार को कुलगाम के लारू बाईपास इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों की घेराबंदी से बचकर निकल गया था। उस मुठभेड़ में उमर निसार डार नाम का आतंकवादी मारा गया था। डार पर आरोप था कि उसने लतीफ भट को करीब छह महीने तक पनाह और लॉजिस्टिक सहायता दी थी। दोनों पर 11 नवंबर को सीआरपीएफ पोस्ट पर हुए हमले से पहले इलाके की रेकी करने का भी आरोप था। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए थे। सोमवार के बाद सुरक्षा बलों ने लतीफ की तलाश में व्यापक सर्च ऑपरेशन जारी रखा था।

सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ भट 18 नवंबर 2025 को लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था और पिछले एक साल में कई हिंसक हमलों में उसकी भूमिका सामने आई थी। उस पर घाटी में शांति, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नुकसान पहुंचाने के लिए सीमा पार से निर्देश मिलने का भी आरोप था। सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों और नेटवर्क की जांच कर रही थीं। बुधवार की कार्रवाई को सुरक्षा बलों के लिए इस साल की बड़ी सफलताओं में से एक माना जा रहा है। हालांकि, इस पूरे ऑपरेशन और आतंकवादी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।