Delhi Police ने Goldy Brar Gang के साजिश को कैसे नाकाम किया? तीन आरोपियों को दबोचा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (02 October 2026): दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट STF ने गोल्डी बराड़ (Goldy Brar) गैंग से कथित तौर पर जुड़े ₹1 करोड़ की रंगदारी मांगने वाले भारत-दुबई नेटवर्क का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में तीन प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और एक कारोबारी के घर पर प्रस्तावित फायरिंग की साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर की रात कारोबारी प्रवीण जैन के परिवार को UAE के मोबाइल नंबर से कॉल कर ₹1 करोड़ की रंगदारी मांगी गई थी और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी। इस मामले में थाना रूप नगर में 17 सितंबर को FIR दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय नंबर से आई कॉल को देखते हुए STF नॉर्थ और थाना रूप नगर की टीम ने तकनीकी तथा खुफिया जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में एक IP एड्रेस और डिजिटल खातों के जरिए UAE कनेक्शन सामने आया। पुलिस ने इस सिलसिले में देहरादून और करनाल में जुबैर, मारूफ और उस्मान से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को कथित तौर पर जानकारी मिली कि दुबई से आरिश नाम का व्यक्ति रंगदारी की धमकी वाली कॉल कर रहा था। वहीं, आरिफ उर्फ पिस्टल को कथित तौर पर भारत में इस नेटवर्क का अहम ऑपरेशनल लिंक बताया गया। पुलिस का दावा है कि आरिफ ने आरिश को कॉल करने के लिए रकम देने की पेशकश की और उसे हरियाणवी भाषा में बात करने के लिए कहा, ताकि कॉल स्थानीय अपराधी की लगे।

जांच के दौरान पुलिस को इसी UAE नंबर से एक अन्य दिल्ली कारोबारी को भी निशाना बनाए जाने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को रोहिणी सेक्टर-1 के निर्माण कारोबारी मनोज मलिक के छोटे भाई को उसी UAE नंबर से दो WhatsApp कॉल आए। इसके बाद एक ऑडियो संदेश भेजकर खुद को महेंद्रगढ़ का विक्रांत बताते हुए कथित तौर पर गोल्डी बराड़ गैंग से संबंध होने का दावा किया गया और 48 घंटे के भीतर ₹1 करोड़ की मांग की गई। रकम नहीं देने पर फायरिंग समेत गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। इस मामले में थाना विजय विहार में 24 सितंबर को अलग FIR दर्ज की गई। पुलिस ने दोनों मामलों में इस्तेमाल हुए एक ही UAE नंबर को जांच में महत्वपूर्ण कड़ी बताया है।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि रंगदारी की मांग पूरी नहीं होने पर पीड़ित के घर पर कई राउंड फायरिंग करने की कथित योजना बनाई गई थी। पुलिस के मुताबिक, इस योजना को अंजाम देने के लिए शूटरों को लगाया गया था और करीब दो दिन पहले ही हमले की तैयारी की गई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पीड़ित के घर पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई और कथित फायरिंग की योजना को घटना से पहले ही विफल कर दिया। जांच में मुबारिक उर्फ गुल्लू की कथित भूमिका भी सामने आई, जिस पर शूटरों के लिए किराड़ी में ठहरने की व्यवस्था करने और कमरे का किराया देने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, चार संदिग्ध शूटर अभी वांछित हैं, जिनमें दो पानीपत और दो मुजफ्फरनगर के खलापार से बताए गए हैं।

तकनीकी निगरानी के जरिए पुलिस टीम ने आरिफ उर्फ पिस्टल की लोकेशन अहमदाबाद में ट्रेस की। इसके बाद STF और थाना रूप नगर की संयुक्त टीम ने अहमदाबाद पुलिस की मदद से 24 सितंबर को वेजलपुर से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरिफ की उम्र 32 वर्ष है और वह मूल रूप से शामली के रसूलपुर गुजरान का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ 2016 से 2026 के बीच कैराना थाने में हत्या के प्रयास, रंगदारी, आपराधिक धमकी, दंगा और आर्म्स एक्ट से जुड़े 12 मामले दर्ज हैं। वहीं, मुबारिक उर्फ गुल्लू को 25 सितंबर को दिल्ली में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, वह शिकायतकर्ता के कारोबारी साझेदार दिलशाद का सगा भाई है और जांच में उसे कथित मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर चिन्हित किया गया है।

मामले में तीसरे आरोपी नवाब अली उर्फ सोनिज को पुलिस ने 1 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मुजफ्फरनगर के खलापार निवासी नवाब अली उन चार कथित शूटरों में शामिल था, जिन्हें फायरिंग के लिए लगाया गया था। पुलिस ने बताया कि वह ट्रेन से भागने की कोशिश कर रहा था और रेवाड़ी स्टेशन के पास चलती ट्रेन से उसे RPF की मदद से पकड़ा गया। फिलहाल पुलिस बाकी आरोपियों, चार संदिग्ध शूटरों और दुबई में मौजूद कथित कॉलर की तलाश कर रही है। साथ ही संचार रिकॉर्ड, डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन की जांच के जरिए इस कथित भारत-दुबई नेटवर्क की पूरी संरचना और अन्य वारदातों से संभावित संबंधों का पता लगाया जा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।