10वें महानाद महोत्सव में शास्त्रीय संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, कलाकारों ने मोहा मन

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (18/11/2026): श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में मंगलवार को 10वें महानाद महोत्सव–2026 का आयोजन किया गया। संगीत विभाग और रागांजलि अकादमी ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में शहनाई वादन, शास्त्रीय गायन, भरतनाट्यम और कथक की शानदार प्रस्तुतियां हुईं। कलाकारों की प्रस्तुति ने सभागार में मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. मुरलीमनोहर पाठक, संकायाध्यक्ष प्रो. शीतला प्रसाद शुक्ल, डॉ. बिपुल कुमार राय और डॉ. जगजीत शाह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद वैदिक और पौराणिक मंगलाचरण के साथ संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने सामूहिक सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. मुरलीमनोहर पाठक ने कहा कि भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य देश की सांस्कृतिक पहचान और आध्यात्मिक चेतना की अनमोल धरोहर हैं। ये कलाएं केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि भारतीय जीवनशैली, दर्शन, साधना और संस्कारों को भी दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी शिक्षा और शोध के साथ भारतीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है।

महोत्सव में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। पं. प्रमोद गायकवाड़ और नम्रता गायकवाड़ ने शहनाई वादन किया, जिसमें तबले पर पं. अमित चटर्जी ने संगत दी। इसके बाद पं. सुधाकर चव्हाण ने हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति दी। तबले पर पं. केशव जोशी और हारमोनियम पर क्षितिज कुमार सिंह ने उनका साथ दिया।

नृत्य प्रस्तुतियों में सौम्या ने भरतनाट्यम और स्वाति रजक ने कथक की प्रस्तुति दी। दोनों कलाकारों ने अपनी भाव-भंगिमाओं, लय और नृत्य कौशल से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। कार्यक्रम में सभी कलाकारों को शॉल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।

संकायाध्यक्ष प्रो. शीतला प्रसाद शुक्ल ने कहा कि भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य गुरु-शिष्य परंपरा, अनुशासन और साधना के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में डॉ. जगजीत शाह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। सामूहिक शांति पाठ के साथ महोत्सव का समापन हुआ। इस दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।