दिल्ली मेट्रो के स्टेशन बंद होने पर CJP प्रवक्ता सौरभ दास का तंज, बोले- ‘कितने स्टेशन बंद करोगे?’

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (02 October 2026): नई दिल्ली में चुनाव आयोग में कथित गड़बड़ियों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राजनीतिक हलचल के बीच दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशनों पर प्रतिबंध लगाए जाने को लेकर भी बयानबाजी तेज हो गई है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने BNSS की धारा 163 लागू की है। इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरभ दास ने मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने के फैसले पर सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी।

सौरभ दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा, “आप कितने मेट्रो स्टेशन बंद करेंगे? लोग पैदल भी आएंगे और दौड़ते हुए भी आएंगे।” उन्होंने एक अन्य पोस्ट में ज्ञानेश कुमार को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि उनका अंत एक अत्याचारी शासन के अंत के समान होगा। दास ने अपने पोस्ट में जनता की जीत की बात भी कही। उनके इन बयानों के बाद मेट्रो स्टेशनों पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों से कई प्रमुख स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद करने की जानकारी दी है। बंद किए गए स्टेशनों में जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली समेत कई स्टेशन शामिल हैं। हालांकि, कुछ प्रमुख स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रखी गई है, जिससे यात्री मेट्रो नेटवर्क के अन्य हिस्सों में यात्रा जारी रख सकें।

मेट्रो स्टेशनों पर पाबंदी और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था ऐसे समय में की गई है जब चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। प्रदर्शनकारियों की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही है, जबकि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। इस बीच दिल्ली पुलिस और मेट्रो प्रशासन की ओर से उठाए गए सुरक्षा कदमों का असर राजधानी के यातायात और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर भी पड़ रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।