गांधी जयंती पर कलेक्ट्रेट में मौन उपवास, UGC Rollback समेत तीन मांगों को लेकर सवर्ण स्वाभिमान मंच का प्रदर्शन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (02/10/2026): गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को सूरजपुर स्थित जिला मुख्यालय में सवर्ण स्वाभिमान मंच, गौतमबुद्धनगर की ओर से मौन उपवास का आयोजन किया गया। मंच ने UGC Rollback, आरक्षण व्यवस्था में बदलाव और SC/ST Act में कानूनी संशोधन समेत तीन प्रमुख मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं, पत्रकारों, डॉक्टरों, सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया।
प्रदर्शनकारीयो ने कलेक्ट्रेट परिसर में जुटकर करीब 10 बजे राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौन धारण कर उपवास पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान तिरंगे के साथ विभिन्न मांगों से संबंधित तख्तियां भी प्रदर्शित की गईं। मंच ने प्रदर्शन को गांधीवादी और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने का माध्यम बताया।
आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग
सवर्ण स्वाभिमान मंच ने आरक्षण व्यवस्था को जाति के बजाय आर्थिक आधार से जोड़ने की मांग उठाई। मंच के संयोजक कपिल शर्मा एडवोकेट ने कहा कि आर्थिक कठिनाई किसी एक जाति तक सीमित नहीं है, बल्कि अलग-अलग सामाजिक वर्गों के लोग आर्थिक रूप से कमजोर हो सकते हैं। इसी आधार पर मंच आर्थिक स्थिति को आरक्षण का आधार बनाए जाने की मांग कर रहा है।
मंच ने SC/ST Act की समीक्षा और आवश्यक कानूनी संशोधन की भी मांग रखी। कपिल शर्मा ने कहा कि कानून का उद्देश्य सभी नागरिकों को न्याय और संरक्षण उपलब्ध कराना होना चाहिए। उन्होंने कानून के कथित दुरुपयोग से जुड़े मामलों का हवाला देते हुए इसमें आवश्यक बदलाव किए जाने की मांग की।
करीब तीन घंटे तक चला मौन उपवास
कलेक्ट्रेट परिसर में करीब तीन घंटे तक प्रदर्शनकारी मौन उपवास पर बैठे रहे। इस दौरान मंच की ओर से अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया गया। उपवास समाप्त होने के बाद ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष किए गए।
कपिल शर्मा एडवोकेट ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, शांति और अहिंसा के माध्यम से अपनी बात रखने का संदेश दिया था। इसी विचार को आधार बनाकर गांधी जयंती के अवसर पर मौन उपवास का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि मंच को उम्मीद है कि सरकार उनकी मांगों पर विचार करेगी।
राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मंच के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में UGC Rollback, आरक्षण व्यवस्था को आर्थिक आधार पर लागू करने तथा SC/ST Act की समीक्षा कर आवश्यक कानूनी संशोधन किए जाने की मांग शामिल थी।
मंच ने कहा कि उसका आंदोलन किसी विशेष जाति, धर्म या समुदाय के विरोध में नहीं है। पदाधिकारियों के अनुसार, उनका उद्देश्य सामाजिक समानता और जातिगत विभाजन को कम करने से जुड़ी मांगों को सामने रखना है।
मंच ने आगे भी अपनी मांगों को लेकर चरणबद्ध अभियान चलाने की बात कही। आयोजकों के अनुसार, UGC Rollback की मांग को लेकर जिले में अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रमोद शर्मा एडवोकेट, सुधीर वत्स, पंडित कृपाराम शर्मा, मनोज गोयल, संजय शर्मा एडवोकेट, भानु प्रकाश शर्मा, गौरव शर्मा, विवेक रावल, राजेश रावत, अंकुश शर्मा एडवोकेट, राजू पंडित, सोनू भगत, सचिन शर्मा, सतेंद्र शर्मा एडवोकेट, शिवम लोधी राजपूत, रामदत्त शर्मा, सतपाल सिंह, ठाकुर सुरेंद्र तोमर, मनीष अत्री, निधि शर्मा एडवोकेट, अनूप सिंह शिशोदिया, मोहित गुप्ता, रतनवीर शर्मा, अमरेंद्र ठाकुर और शिवओम शर्मा धूम समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।