रामचरितमानस में नारी सम्मान और सशक्तीकरण के आदर्शों को किया गया उजागर, कुलपति ने रखे विचार

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (18/11/2026): श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में मंगलवार को ‘रामचरितमानस में महिला सशक्तीकरण’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. मुरलीमनोहर पाठक ने कहा कि रामचरितमानस में नारी की गरिमा, आत्मसम्मान, विवेक और सामर्थ्य के उच्च आदर्श देखने को मिलते हैं। इसमें वर्णित महिला पात्र समाज को नारी सम्मान और सशक्तीकरण का संदेश देते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. मुरलीमनोहर पाठक ने की, जबकि मॉस्को स्टेट लिंग्विस्टिक विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मैक्सिम डेमचेंको मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने रामचरितमानस में महिला सशक्तीकरण के साहित्यिक और सांस्कृतिक पक्षों पर अपने विचार रखे।

इस दौरान कुलपति ने माता सीता, कौशल्या, अनुसूया, शबरी और मंदोदरी के चरित्रों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि माता सीता आत्मसम्मान, धैर्य और दृढ़ संकल्प की प्रतीक हैं। माता कौशल्या के चरित्र में मातृत्व और विवेक, अनुसूया में तपस्या और आध्यात्मिक चेतना, शबरी में भक्ति और सामाजिक समरसता, जबकि मंदोदरी में दूरदर्शिता और सत्य के प्रति निर्भीकता दिखाई देती है।

प्रो. पाठक ने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब महिलाओं को शिक्षा, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और निर्णय लेने के समान अवसर मिलें। विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी है कि वे भारतीय ज्ञान परंपरा को वर्तमान सामाजिक जरूरतों से जोड़ें और विद्यार्थियों में महिलाओं के प्रति सम्मान तथा समानता की भावना विकसित करें।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. मधुसूदन शर्मा के मंगलाचरण से हुई। महिला अध्ययन केंद्र की निदेशिका प्रो. मीनू कश्यप ने स्वागत संबोधन दिया। इस अवसर पर प्रो. सुशील कुमार शर्मा ने आशीर्वचन दिए, जबकि डॉ. श्वेता ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. तरुणा अवस्थी ने किया। सामूहिक शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसमें विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।