जंतर-मंतर पर SIR के खिलाफ प्रदर्शन, सौरभ भारद्वाज समेत AAP नेताओं को हिरासत में लिया गया
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (02 October 2026): दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुक्रवार को वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया। पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने की बात कही है। प्रदर्शनकारियों की प्रस्तावित भीड़ को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
जंतर-मंतर रोड पर बैरिकेडिंग कर यातायात को प्रभावित किया गया है, जबकि अधिकारियों के मुताबिक इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों की भी तैनाती की गई है। प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस ने नई दिल्ली क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के साथ लोगों की आवाजाही पर भी निगरानी बढ़ा दी है। प्रदर्शन को लेकर आम आदमी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों की ओर से चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी और विरोध की तैयारी की गई थी।
AAP नेताओं और विपक्षी दलों का आरोप है कि SIR की प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची से नाम हटाए जा रहे हैं और इसी मुद्दे को लेकर वे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। सौरभ भारद्वाज ने समर्थकों से बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। पुलिस की कार्रवाई और हिरासत के बाद जंतर-मंतर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।