नोएडा में 41.4 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, बिहार से ट्रेन में लाकर करता था सप्लाई

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (01/10/2026): नोएडा के थाना फेस-2 क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिहार से गांजा लाकर नोएडा में उसकी सप्लाई और बिक्री करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 41 किलो 400 ग्राम गांजा, 1,800 रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई है।

श्मशान घाट भंगेल के पास पुलिस ने दबोचा

पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को थाना फेस-2 पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान श्मशान घाट भंगेल के पास गंदे नाले की पटरी पर संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रिन्स कुमार साहू, उम्र करीब 28 वर्ष, पुत्र बैजू प्रसाद साहू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से ग्राम फिरोजपुर, थाना महरमा, जनपद गोड्डा, झारखंड का रहने वाला है और वर्तमान में थाना बिसरख क्षेत्र के तिगरी गोल चक्कर के पास किराये के कमरे में रह रहा था।

बिहार से ट्रेन में लाता था गांजा, नोएडा में बेचता था

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बिहार से ट्रेन के जरिए गांजा लेकर नोएडा आता था। यहां वह गांजा कम कीमत पर खरीदकर अधिक दाम में बेचता था। आरोपी के पास से बरामद 1,800 रुपये नकद को पुलिस ने गांजे की बिक्री से प्राप्त रकम बताया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की TVS Sports मोटरसाइकिल (UP 16 DZ 5595) को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।

NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

पुलिस ने बरामदगी के संबंध में थाना फेस-2 में मु0अ0सं0 447/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और संभावित सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


 

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।