नोएडा में जनगणना-2027 के लिए स्वगणना अभियान शुरू, 30 नवंबर तक ऑनलाइन दर्ज करें जानकारी
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (17/11/2026): जनगणना-2027 के तहत नोएडा में स्वगणना अभियान की शुरुआत हो गई है। सोमवार को सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) ने अपने परिवार के साथ आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन जानकारी दर्ज कर अभियान में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने शहर के लोगों से भी स्वगणना प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की।
स्वगणना अभियान के तहत लोग 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक घर बैठे अपनी और परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाना होगा। ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलने वाली स्वगणना पहचान संख्या (SE ID) को सुरक्षित रखना जरूरी है। जब जनगणना कर्मचारी घर पहुंचेंगे, तब उन्हें यह पहचान संख्या दिखानी होगी।
नोएडा में जनगणना के काम के लिए 2,350 प्रगणक और 364 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। ये कर्मचारी 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर लोगों की जानकारी दर्ज करेंगे। इस दौरान कर्मचारियों की ओर से स्वगणना अभियान के प्रति लोगों को जागरूक भी किया जाएगा।

अधिकारियों के मुताबिक, जनगणना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति गणना से छूटे नहीं और किसी की जानकारी दोबारा दर्ज न हो। नोएडा में किराये पर रहकर नौकरी, व्यवसाय या अन्य काम करने वाले लोगों की गणना भी यहीं की जाएगी।
जनगणना के दौरान लोगों से जुटाई जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 15 के तहत प्रावधान किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे 30 नवंबर तक अपनी स्वगणना पूरी करें और घर पहुंचने वाले जनगणना कर्मचारियों को पूरा सहयोग दें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।