दनकौर वृद्धाश्रम में डीएम मेधा रूपम का औचक निरीक्षण, बुजुर्गों से जाना व्यवस्थाओं का हाल
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (30/09/2026): जिलाधिकारी मेधा रूपम ने मंगलवार शाम दनकौर स्थित वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण कर वहां रह रहे बुजुर्गों से सीधे संवाद किया। उन्होंने आश्रम में उपलब्ध सुविधाओं, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान बुजुर्गों ने अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं से भी जिलाधिकारी को अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वृद्धाश्रम परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। आश्रम में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने के साथ-साथ पीने के पानी की भी समय-समय पर जांच कराने को कहा।
डीएम ने खाद्य सामग्री तथा वाटर कूलर से उपलब्ध कराए जा रहे पानी के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और बुजुर्गों को गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित किया जाए।
दो दिन में CCTV लगाने के निर्देश
वृद्धाश्रम की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिलाधिकारी ने परिसर में दो दिनों के भीतर CCTV कैमरे स्थापित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कैमरों की निगरानी व्यवस्था को कलेक्ट्रेट से भी जोड़े जाने को कहा, ताकि आश्रम की सुरक्षा और गतिविधियों पर नियमित नजर रखी जा सके।
निरीक्षण के दौरान आश्रम के आसपास मौजूद कूड़े और गंदगी को लेकर भी डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कचरा हटवाने तथा परिसर के आसपास नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष कैंप
मेधा रूपम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि पात्र बुजुर्गों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए और किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहना पड़े।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने और बुजुर्गों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।