UPITS 2026 में अटल आवासीय विद्यालय बरेली के छात्रों ने साझा किया अनुभव
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (30 सितंबर 2026): ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण में अटल आवासीय विद्यालय, बरेली के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ट्रेड शो के अंतिम दिन विद्यालय के छात्रों और शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान विद्यालय से करीब 120 छात्र और 11 शिक्षक ट्रेड शो देखने पहुंचे। विद्यार्थियों ने यहां आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स और अंतरराष्ट्रीय कारोबार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।
टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत के दौरान छात्र मुक्तकस ने बताया कि वह ट्रेड शो को एक सामान्य मेले की तरह समझकर आए थे, लेकिन यहां का अनुभव उनकी उम्मीद से सौ गुना बेहतर रहा। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो में उन्हें AI, रोबोटिक्स, अंतरराष्ट्रीय कारोबार और विभिन्न प्रकार के व्यापार के बारे में जानने का अवसर मिला। यहां प्रदर्शित तकनीक और उत्पादों ने उन्हें काफी प्रभावित किया।
विद्यालय की असिस्टेंट टीचर ने बताया कि विद्यार्थियों को ट्रेड शो में लाने का मुख्य उद्देश्य उन्हें किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था। यहां बच्चे अंतरराष्ट्रीय बाजार, आधुनिक तकनीक और विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों को करीब से समझ सकें, इसी उद्देश्य से उन्हें ट्रेड शो का भ्रमण कराया गया। उन्होंने कहा कि इस अनुभव के बाद बच्चों में नई चीजें सीखने और भविष्य में कुछ अलग करने की जिज्ञासा बढ़ी है। साथ ही, विद्यार्थियों के बीच स्वरोजगार और अपना कारोबार शुरू करने जैसे विकल्पों को लेकर भी जागरूकता आई है।
अटल आवासीय विद्यालय, बरेली के एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर कैप्टन गजेन्द्र सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में कुल 18 मंडलों के लिए 18 अटल आवासीय विद्यालय संचालित हैं। उन्होंने कहा कि UPITS 2026 में विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के व्यापार, आधुनिक तकनीक और नए व्यावसायिक अवसरों से रूबरू होने का मौका मिल रहा है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को भविष्य में उपलब्ध करियर और स्वरोजगार के विकल्पों को समझने में मदद करते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को यहां से प्राप्त जानकारी अन्य छात्रों के साथ साझा करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

वहीं, कक्षा 9 की छात्रा मति श्रीवास्तव ने ट्रेड शो में हाथ से बनाई गई वस्तुओं को आकर्षक बताया। उन्होंने कहा कि यहां प्रदर्शित हस्तनिर्मित उत्पादों ने उनका ध्यान आकर्षित किया। दूसरी ओर, छात्रा प्रकृति यादव ने बताया कि ट्रेड शो का अनुभव उनकी उम्मीद से सौ गुना बेहतर रहा। उन्होंने यहां विभिन्न कंपनियों के मॉडल और इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों को देखा। इससे उन्हें नई तकनीक के बारे में जानने और भविष्य में अपने लिए संभावित करियर विकल्पों को समझने में मदद मिली।
UPITS 2026 में अटल आवासीय विद्यालय, बरेली के विद्यार्थियों का यह भ्रमण उनके लिए सीखने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ। ट्रेड शो में विभिन्न उत्पादों, आधुनिक तकनीक और कारोबार की दुनिया को करीब से देखकर विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक जानकारी भी मिली। शिक्षकों के अनुसार, इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मनिर्भरता और भविष्य में कुछ नया करने की सोच विकसित करने में सहायक हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।