UPITS 2026 में झांसी की ‘चितेरी आर्ट’ ने बटोरीं सुर्खियां, प्रियंका रिछारिया ने साझा किया अनुभव
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (30/09/2026): इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित UPITS के चौथे संस्करण में उत्तर प्रदेश की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को देश-विदेश के सामने प्रदर्शित किया जा रहा है। इसी क्रम में रंग कला क्रिएशन प्राइवेट लिमिटेड के बूथ पर झांसी की पारंपरिक चितेरी आर्ट दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में प्रियंका रिछारिया ने बताया कि उनकी कंपनी बुंदेलखंड, विशेष रूप से झांसी की स्थानीय लोक कला चितेरी आर्ट को नए स्वरूप में प्रस्तुत करने का काम कर रही है। पहले यह कला मुख्य रूप से शादियों और घरों की सजावट के दौरान दीवारों पर बनाई जाती थी, लेकिन अब इसे कपड़े और कैनवास पर उतारकर देश-विदेश तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रियंका रिछारिया ने बताया कि UP International Trade Show में यह उनका पहला अनुभव है। उनके मुताबिक, ट्रेड शो में उन्हें बिक्री के साथ-साथ बहुत कुछ सीखने का अवसर भी मिला। उन्होंने कहा कि इस दौरान सामने आई कमियों और गलतियों से सीख लेकर भविष्य में अपने काम को और बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने यह भी साझा किया कि उन्हें पियूष गोयल को अपनी पेंटिंग गिफ्ट करने का अवसर मिला, जिसे उन्होंने अपने लिए सौभाग्य की बात बताया। उनका कहना है कि आगे भी वे अपनी कला को और बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने तथा इसे बड़े स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास करेंगी।
वहीं, इंडिया एक्सपो मार्ट की सुविधाओं और ट्रेड शो के आयोजन को लेकर प्रियंका रिछारिया ने संतोष जताया। हालांकि उन्होंने अपने स्टॉल की लोकेशन को लेकर कहा कि अगर पेंटिंग स्टॉल को थोड़ी बेहतर जगह मिलती, तो संभवतः बिक्री और अधिक हो सकती थी। उन्होंने बताया कि यह उनका पहला अनुभव है, इसलिए पिछले वर्ष की व्यवस्था से तुलना करना उनके लिए संभव नहीं है।
UPITS 2026 जैसे मंचों के जरिए बुंदेलखंड की पारंपरिक कला को नए बाजार और नए दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश जारी है। प्रियंका रिछारिया का मानना है कि ऐसे आयोजनों से कलाकारों को सीखने, अपनी कला प्रदर्शित करने और नए ग्राहकों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।