‘निवेश बुलाने से आगे बढ़ा UP, उद्योग लगने तक सरकार करेगी हैंडहोल्डिंग’: नंद गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Greater Noida News (29 सितंबर 2026): उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने निवेशकों के बीच भरोसा कायम किया है। अब सरकार का लक्ष्य केवल निवेश प्रस्ताव हासिल करना नहीं, बल्कि निवेशक के उद्योग स्थापित होने तक उसे हर जरूरी स्तर पर सहयोग और हैंडहोल्डिंग उपलब्ध कराना है।

ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चौथे दिन उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के ‘From Your Factory to the Front Line’ नॉलेज सेशन को संबोधित करते हुए नंदी ने कहा कि दुनिया के अलग-अलग देशों और प्रमुख शहरों में किए गए रोड शो तथा निवेशकों के साथ लगातार संवाद से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश की औद्योगिक पहचान मजबूत हुई है। ट्रेड शो में विभिन्न देशों की भागीदारी भी प्रदेश के प्रति बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।

डिफेंस कॉरिडोर में 40 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव

नंदी ने बताया कि उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के लखनऊ, कानपुर, झांसी, चित्रकूट, अलीगढ़ और आगरा स्थित छह नोड में अब तक करीब 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। करीब 1,142 हेक्टेयर भूमि विभिन्न उद्योगों को आवंटित की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था तैयार कर रही है, जिसमें निवेशकों को फाइल लेकर एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रदेश में निवेश के बाद संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ समन्वय कर उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।

‘निवेशक आए तो उद्योग लगने तक साथ खड़ी रहे सरकार’

नंदी ने कहा कि निवेशक के लिए केवल जमीन उपलब्ध करा देना पर्याप्त नहीं है। उसे नीति, कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर, टेस्टिंग, तकनीकी सुविधाओं और जरूरी अनुमतियों के स्तर पर भी सहयोग मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से निवेशक सुविधा को केवल प्रक्रिया नहीं, बल्कि कार्यप्रणाली और व्यवहार का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

डिफेंस सप्लाई चेन में MSME और स्टार्टअप के लिए बड़े अवसर

मंत्री ने कहा कि रक्षा क्षेत्र केवल टैंक, मिसाइल और विमान बनाने तक सीमित नहीं है। प्रिसीजन कंपोनेंट, इलेक्ट्रॉनिक सर्किट, सेंसर, बैटरी, विशेष केबल, सॉफ्टवेयर, टेक्निकल टेक्सटाइल, एडवांस मटेरियल, पैकेजिंग और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में भी बड़े अवसर हैं।

उन्होंने कहा कि डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का इकोसिस्टम बड़े उद्योगों के साथ MSME, स्टार्टअप, कंपोनेंट निर्माताओं और टेक्नोलॉजी कंपनियों को भी रक्षा आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने के लिए तैयार किया जा रहा है।

कनेक्टिविटी, कानून-व्यवस्था और भरोसा निवेश की बुनियाद

नंदी ने कहा कि निवेश के लिए कनेक्टिविटी, कानून-व्यवस्था और भरोसा तीन महत्वपूर्ण आधार हैं। एक्सप्रेसवे, परिवहन नेटवर्क, एयर कनेक्टिविटी और औद्योगिक आधारभूत ढांचे के विस्तार से प्रदेश में कारोबार की संभावनाएं बढ़ी हैं।

उन्होंने निवेशकों से उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और यूपीईडा से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि रक्षा क्षेत्र में देश की बढ़ती जरूरतों के साथ उत्तर प्रदेश के उद्योगों के लिए भी नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

‘डिफेंस की डिमांड तय, सप्लाई चेन में हर उद्योग के लिए मौका’

यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के सीजीएम रिटायर्ड कर्नल संजय सिंह ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में अवसर केवल बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं हैं। प्रिसीजन इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेंसर, बैटरी, स्पेशल केबल, सॉफ्टवेयर, एडवांस मटेरियल, पैकेजिंग और लॉजिस्टिक्स से जुड़े उद्योग भी रक्षा सप्लाई चेन का हिस्सा बन सकते हैं।

उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र की मांग सशस्त्र बलों की निर्धारित आवश्यकताओं पर आधारित होती है, इसलिए स्वदेशी निर्माण के लिए बाजार की स्पष्ट संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने उद्योगों से अपनी मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग क्षमता का आकलन कर रक्षा क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप अवसर तलाशने की अपील की।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।