ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नए CEO डॉ.बलकार सिंह ने तय की विकास की प्राथमिकताएं
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (19/11/2026): ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) डॉ. बलकार सिंह ने शहर के विकास, किसानों की समस्याओं और औद्योगिक निवेश को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने बुधवार को अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक की। इसमें विकास कार्यों की गुणवत्ता सुधारने, किसानों के लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने और शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
किसानों की समस्याओं का समयबद्ध होगा समाधान
डॉ. बलकार सिंह ने भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों की सहमति और उनकी जायज मांगों को ध्यान में रखकर ही प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। किसानों से संबंधित लंबित मामलों को अनावश्यक रूप से नहीं लटकाया जाए। उन्होंने प्राधिकरण कार्यालय आने वाले किसानों और आवंटियों की शिकायतें गंभीरता से सुनने और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश भी दिए।
विकास कार्यों की गुणवत्ता पर रहेगी नजर
ग्रेटर नोएडा में चल रही विकास परियोजनाओं को लेकर सीईओ ने परियोजना विभाग को नियमित रूप से साइट निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने के लिए प्रतिष्ठित बाहरी एजेंसियों की मदद लेने को कहा। अधिकारियों को कार्यालयों तक सीमित रहने के बजाय मौके पर जाकर समस्याओं का जायजा लेने और उनके समाधान की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण पर जोर
शहर में साफ-सफाई और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर भी सीईओ ने जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों के किनारे और सेंट्रल वर्ज पर हरियाली विकसित करने के साथ घास लगाने को कहा। इसके अलावा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से शोधित पानी का सिंचाई और निर्माण कार्यों में अधिक से अधिक इस्तेमाल करने पर जोर दिया, ताकि भूजल का अनावश्यक दोहन रोका जा सके।
खाली भूखंडों पर निर्माण शुरू कराने की तैयारी
आवासीय सेक्टरों में लंबे समय से खाली पड़े भूखंडों को लेकर भी सीईओ ने नियोजन विभाग को निर्देश दिए। ऐसे भूखंडों के आवंटियों को चिह्नित कर उन्हें निर्माण कार्य शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे आवासीय सेक्टरों का विकास बेहतर तरीके से हो सकेगा।
निवेशकों के लिए बनेगी सिंगल विंडो व्यवस्था
औद्योगिक और व्यावसायिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए डॉ. बलकार सिंह ने सिंगल विंडो सिस्टम विकसित करने पर जोर दिया। इसके माध्यम से निवेशकों को अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उनकी जरूरी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी हो सकेंगी। उन्होंने अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पहली समीक्षा बैठक में एसीईओ प्रेरणा सिंह, सुमित यादव और नुपुर गोयल समेत प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जीएम वित्त स्वतंत्र गुप्ता, ओएसडी अभिषेक पाठक और महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह सहित अन्य अधिकारी भी शामिल हुए। इससे पहले प्राधिकरण कार्यालय पहुंचने पर अधिकारियों और ग्रेटर नोएडा एम्पलाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष सोनू भड़ाना ने पुष्पगुच्छ देकर नए सीईओ का स्वागत किया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।