UPITS 2026 का भव्य समापन: ₹6,500 करोड़ के 4,400 एमओयू, 15,500 करोड़ के संभावित कारोबार का अनुमान
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (29 सितंबर 2026): ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। 25 से 29 सितंबर तक चले पांच दिवसीय आयोजन में निवेश, कारोबार और अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के नए कीर्तिमान दर्ज किए गए। ट्रेड शो के दौरान करीब 6,500 करोड़ रुपये के 4,400 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए, जबकि कारोबारी पूछताछ के आधार पर 15,500 करोड़ रुपये के संभावित कारोबार का अनुमान लगाया गया।
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशंस (FIEO) के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष ट्रेड शो में कुल 41,500 बी2बी बैठकें हुईं। वहीं, पांच दिनों में 5,98,693 विजिटर्स और बिजनेस बायर्स ने आयोजन में हिस्सा लिया। इनमें 1,74,990 घरेलू बिजनेस बायर्स और 4,23,703 सामान्य विजिटर्स शामिल रहे।
पिछले संस्करण के मुकाबले कारोबार में उल्लेखनीय वृद्धि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप आयोजित यूपीआईटीएस 2026 ने पिछले वर्ष के मुकाबले कारोबार और भागीदारी के प्रमुख मानकों में वृद्धि दर्ज की। वर्ष 2025 में जहां 31,650 बी2बी बैठकें हुई थीं, वहीं इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 41,500 हो गई। इस प्रकार बी2बी बैठकों में 31.12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

इसी तरह, रिवर्स बायर-सेलर मीट (RBSM) में विदेशी खरीदारों के साथ बैठकों की संख्या 6,050 से बढ़कर 13,500 हो गई, जो 123.1 प्रतिशत की वृद्धि है। मुख्य प्रदर्शनी क्षेत्र में भी कारोबारी बैठकों की संख्या में 9.38 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
एमओयू की संख्या पिछले वर्ष के 3,900 से बढ़कर इस वर्ष 4,400 हो गई। वहीं, इनके कुल अनुमानित मूल्य में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई। वर्ष 2025 में 2,680 करोड़ रुपये के एमओयू हुए थे, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर करीब 6,500 करोड़ रुपये पहुंच गया। इसके अतिरिक्त, संभावित कारोबार का अनुमान 12,500 करोड़ रुपये से बढ़कर 15,500 करोड़ रुपये हो गया।
छह देशों की भागीदारी से बढ़ा अंतरराष्ट्रीय दायरा
यूपीआईटीएस 2026 में इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय भागीदारी का भी विस्तार हुआ। पिछले संस्करण में रूस एकमात्र पार्टनर देश था, जबकि इस बार रूस, ऑस्ट्रिया, जापान, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम सहित छह देशों ने पार्टनर कंट्री के रूप में हिस्सा लिया।
विदेशी प्रतिनिधिमंडलों ने उत्तर प्रदेश के मैन्युफैक्चरिंग, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल और एग्री-फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में रुचि दिखाई। अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और प्रदेश के उद्यमियों के बीच हुई बैठकों ने निर्यात और कारोबारी साझेदारी के नए अवसर उपलब्ध कराए।
ओडीओसी बना ट्रेड शो का प्रमुख आकर्षण
इस वर्ष ट्रेड शो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुज़ीन’ (ODOC) पहल भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। ओडीओसी हॉल में पांचों दिन बड़ी संख्या में आगंतुक पहुंचे। यहां उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक व्यंजनों, क्षेत्रीय स्वाद और स्थानीय खाद्य उद्यमों को प्रदर्शित किया गया।
प्रसिद्ध शेफ हरपाल सिंह सोखी सहित अन्य सेलिब्रिटी शेफ की मास्टर क्लास और लाइव कुकिंग डेमोंस्ट्रेशन ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। इस पहल के माध्यम से प्रदेश की पाक विरासत को फूड एंटरप्रेन्योरशिप, फूड प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, हॉस्पिटैलिटी और पर्यटन जैसे क्षेत्रों से जोड़ने का प्रयास किया गया।

इसके साथ ही प्रदेश के सभी 75 जिलों के पारंपरिक शिल्प, हथकरघा, पीतल उत्पाद, कालीन, चमड़ा उद्योग और कृषि उत्पादों को भी अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने प्रस्तुत किया गया। इससे स्थानीय कारीगरों, एमएसएमई और उद्यमियों को वैश्विक बाजार तक पहुंच बनाने का अवसर मिला।
अमित शाह ने किया था उद्घाटन, गिरिराज सिंह रहे समापन समारोह के मुख्य अतिथि
यूपीआईटीएस 2026 का शुभारंभ 25 सितंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में किया था। उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास, बुनियादी ढांचे, एमएसएमई, ओडीओपी, निर्यात और मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं को प्रदर्शित किया गया।
वहीं, मंगलवार को आयोजित समापन समारोह में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, भूपेंद्र सिंह चौधरी और राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा भी मौजूद रहे।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उत्तर प्रदेश में सड़कों, एक्सप्रेसवे, कनेक्टिविटी और आधुनिक बुनियादी ढांचे के विस्तार का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य में विकसित हो रहा इंफ्रास्ट्रक्चर उद्योग और कारोबार के लिए नए अवसर उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने उद्योग एवं निर्यात को बढ़ावा देने वाली नीतियों और केंद्र तथा राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों का भी उल्लेख किया।
20 नॉलेज सेशंस में उद्योग और व्यापार पर हुआ मंथन
पांच दिवसीय आयोजन के दौरान उद्योग, निवेश, निर्यात और तकनीक से जुड़े करीब 20 नॉलेज सेशंस आयोजित किए गए। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने FIEO के एक सत्र में भारत के मुक्त व्यापार समझौतों (FTAs) के प्रभावी उपयोग पर चर्चा की। इसमें उत्तर प्रदेश के निर्यातकों और एमएसएमई के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उपलब्ध अवसरों पर विशेष ध्यान दिया गया।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने भी ट्रेड शो का दौरा किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र से सेमीकंडक्टर और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम की ओर बढ़ने से जुड़े तकनीकी संवाद में हिस्सा लिया।
इसके अतिरिक्त, प्रदेश के वरिष्ठ मंत्रियों, नीति-निर्माताओं और अधिकारियों की भागीदारी ने उद्योग और सरकार के बीच संवाद को बढ़ावा दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कारोबारी गतिविधियों के साथ यूपीआईटीएस 2026 में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे। पांच दिनों तक शास्त्रीय संगीत, लोकनृत्य, भक्ति संगीत और समकालीन प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। इनमें कथक, मथुरा का लोकनृत्य, ढेढिया, राई और थारू जनजातीय नृत्य के साथ पखावज एवं सितार वादन, आल्हा गायन और सूफी संगीत की प्रस्तुतियां शामिल रहीं।
समापन दिवस पर ओम प्रकाश दुबे ने भजन गायन और गोरखपुर के राकेश उपाध्याय ने लोकगीतों की प्रस्तुति दी। वहीं, गाजियाबाद की मिताली सैनी ने कथक के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इसके बाद श्रीराम सांखला द्वारा कोरियोग्राफ किए गए ‘कलर्स ऑफ इंडिया’ कार्यक्रम के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का समापन हुआ।
छात्रों की भागीदारी ने बढ़ाई आयोजन की रौनक
यूपीआईटीएस 2026 में दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों के लिए क्विज, मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN), माइम, कला एवं संस्कृति गतिविधियों, साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों के साथ बैटल ऑफ बैंड्स का आयोजन किया गया।
इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योग, नवाचार, रचनात्मकता और व्यावहारिक अनुभवों से जोड़ने का प्रयास किया गया।
एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की दिशा में अहम आयोजन
पांच दिवसीय यूपीआईटीएस 2026 का समापन केवल कारोबार और आगंतुकों के आंकड़ों तक सीमित नहीं रहा। आयोजन में सरकारी नीतियों, निवेश, निर्यात, अंतरराष्ट्रीय सोर्सिंग, तकनीक, स्थानीय उत्पादों और सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया।
करीब 6,500 करोड़ रुपये के एमओयू, 15,500 करोड़ रुपये के संभावित कारोबार और 41,500 बी2बी बैठकों के साथ यूपीआईटीएस 2026 ने उत्तर प्रदेश के उद्यमियों और निर्यातकों को नए कारोबारी अवसर उपलब्ध कराए। आयोजन को प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।