UPITS 2026: दुनिया के हर बाजारों में बिकेंगे यूपी में बने उत्पाद – डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Greater Noida News (28 सितंबर 2026): ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 में सोमवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ट्रेड शो में प्रदर्शित विभिन्न उत्पादों और औद्योगिक गतिविधियों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत और उत्तर प्रदेश में निर्मित उत्पाद दुनिया के बाजारों में अपनी पहचान बनाएंगे।

शुक्रवार, 25 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से UPITS 2026 का शुभारंभ किया था। इस ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और उद्यमियों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

दुनिया के बाजारों में होगी यूपी के उत्पादों की पहचान: केशव प्रसाद मौर्य

ट्रेड शो के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि UPITS 2026 सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने और विकसित एवं आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योगों और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्तरों पर काम किया जा रहा है। उन्हें पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में निर्मित उत्पादों की पहुंच देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक भी होगी।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “वह दिन दूर नहीं है, जब दुनिया के बाजार में भारत और उत्तर प्रदेश में बना हुआ उत्पाद बिक रहा होगा।” उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में प्रदेश में नए-नए उद्यमी सामने आएंगे और ऐसे आयोजन उन्हें अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करेंगे।

अखिलेश यादव पर साधा निशाना, 2027 में सत्ता में वापसी को लेकर किया दावा

UPITS 2026 के दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पहले ही “मुंगेरीलाल के हसीन सपने” देख चुके हैं और वर्ष 2027 में सत्ता में वापसी की उनकी उम्मीद पूरी नहीं होने वाली है।

मौर्य ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी को 2027 में भी सत्ता नहीं मिलेगी और 2047 तक उसकी सत्ता में वापसी संभव नहीं होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से अखिलेश यादव बेचैन रहते हैं।

AI के इस्तेमाल पर भी दी प्रतिक्रिया

अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उपमुख्यमंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राजनीति में एक स्तर और मर्यादा होनी चाहिए। वह AI के दुरुपयोग के पक्ष में नहीं हैं और इसका इस्तेमाल सकारात्मक उद्देश्यों के लिए किया जाना चाहिए।

उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि विपक्ष की ओर से हमला किया जाएगा तो उसका जवाब भी दिया जाएगा। साथ ही, उन्होंने अखिलेश यादव को सलाह दी कि उन्हें AI का दुरुपयोग करने के बजाय उसका सदुपयोग करना चाहिए।

अपराध और माफिया को लेकर भी दिया बयान

उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि प्रदेश अब माफिया और अपराध से मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह का गलत काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।

उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें गुंडों और अपराधियों का साथ छोड़कर अपनी पार्टी में शरीफ लोगों को शामिल करना चाहिए। मौर्य ने यह भी कहा कि अखिलेश यादव को फिलहाल विपक्ष में ही रहना होगा, क्योंकि सत्ता उनसे दूर है।

UPITS 2026 में केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी के दौरान जहां प्रदेश के औद्योगिक विकास और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई, वहीं उनके राजनीतिक बयानों ने भी ध्यान आकर्षित किया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।