श्रमिक महिलाओं के लिए निःशुल्क ब्रेस्ट कैंसर जांच शिविर, SMUS की पहल से महिलाओं को मिला स्वास्थ्य परामर्श

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (12/11/2026): महिलाओं में स्तन कैंसर के बढ़ते मामलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बीमारी की समय रहते पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सशक्त महिला उद्यमी संगठन (SMUS) ने ग्रेटर नोएडा में निःशुल्क स्तन कैंसर जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया। एनएचपीसी लिमिटेड (NHPC Limited) की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल और SHEWings के सहयोग से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिक एवं जरूरतमंद महिलाओं ने हिस्सा लिया और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ उठाया।

यह शिविर संगठन की इकाई प्लॉट नंबर-481, उद्योग केंद्र-2, इकोटेक-III, ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं, विशेषकर औद्योगिक इकाइयों और कारखानों में काम करने वाली महिला श्रमिकों तक स्तन कैंसर की जांच एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं पहुंचाना था।

श्रमिक महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता

संगठन की ओर से विशेष रूप से उन महिलाओं को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई, जिन्हें आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों के कारण समय पर स्वास्थ्य जांच कराने का अवसर नहीं मिल पाता। जागरूकता की कमी और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण न होने के चलते कई बार स्तन कैंसर का पता बीमारी के गंभीर चरण में पहुंचने के बाद चलता है। इसी चुनौती को देखते हुए शिविर के माध्यम से महिलाओं को निःशुल्क स्क्रीनिंग के साथ बीमारी के शुरुआती लक्षणों और समय पर जांच के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

शिविर में महिलाओं को स्तन कैंसर की निःशुल्क स्क्रीनिंग, ब्रेस्ट सेल्फ एग्जामिनेशन (स्वयं स्तन की जांच करने की प्रक्रिया) के बारे में व्यावहारिक जानकारी तथा विशेषज्ञ महिला चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराया गया। चिकित्सकों ने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और किसी भी असामान्य बदलाव को नजरअंदाज न करने के लिए प्रेरित किया।

स्वस्थ महिला से ही बनेगा सशक्त समाज और विकसित भारत: डॉ. खुशबू सिंह

इस अवसर पर सशक्त महिला उद्यमी संगठन की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह ने कहा कि स्तन कैंसर आज महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी प्रमुख चुनौतियों में शामिल है। ऐसे में जागरूकता, नियमित जांच और समय पर बीमारी की पहचान बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि स्वस्थ समाज में ही स्वस्थ भारत है और स्वस्थ भारत में ही विकसित भारत की बुनियाद है। यदि हमारी महिलाएं स्वस्थ रहेंगी, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र सशक्त बन सकेगा। महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना हम सभी की जिम्मेदारी है।”

डॉ. खुशबू सिंह ने आगे कहा कि सशक्त महिला उद्यमी संगठन लगातार समाज, राष्ट्र और महिला हित के साथ-साथ वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रहा है। संगठन का प्रयास है कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सहायता और सुविधाएं पहुंचाई जाएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी संगठन इसी तरह जनहित और महिला सशक्तीकरण से जुड़े अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाता रहेगा।

महिलाओं ने की संयुक्त पहल की सराहना

शिविर में शामिल श्रमिक महिलाओं ने सशक्त महिला उद्यमी संगठन, NHPC लिमिटेड और SHEWings की इस संयुक्त पहल की सराहना की। महिलाओं का कहना था कि इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए बेहद उपयोगी हैं, क्योंकि इनके माध्यम से उन्हें बिना किसी आर्थिक बोझ के जांच, चिकित्सकीय परामर्श और जरूरी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त होती है।

इस आयोजन के माध्यम से सशक्त महिला उद्यमी संगठन ने महिला स्वास्थ्य और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर प्रदर्शित किया। शिविर का उद्देश्य केवल जांच तक सीमित न रहकर महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना और समय पर चिकित्सा सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित करना भी रहा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।