जेवर बन रहा निवेशकों की पहली पसंद, CNH प्लांट से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर: विधायक धीरेन्द्र सिंह
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar Noida News (12/11/2026): उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में गौतमबुद्ध नगर के जेवर में CNH Industrial कंपनी के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की स्थापना की शुरुआत हो गई है। करीब 1,200 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होने वाला यह प्लांट प्रदेश में कृषि उपकरणों के निर्माण को नई गति देने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया और उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए कंपनी प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
जेवर में लगातार बढ़ते औद्योगिक निवेश को लेकर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि जेवर अब उत्तर प्रदेश में निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। CNH कंपनी के नए प्लांट की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के दौरान टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और जेवर की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।
विधायक धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि CNH कंपनी दुनिया के करीब 20 से 22 देशों में अपने प्लांट संचालित कर रही है। जेवर में स्थापित होने वाले इस प्लांट में खेती-किसानी में इस्तेमाल होने वाले बड़े कृषि उपकरणों का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के तहत 1,200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्लांट में निर्मित कृषि उपकरणों का विदेशों में भी निर्यात किया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को भी विस्तार मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जेवर को ‘भारत का गहना’ कहे जाने पर विधायक ने कहा कि जेवर अब इस पहचान का हकदार बन चुका है। उन्होंने कहा कि एक समय में जेवर क्षेत्र विकास के मामले में काफी पीछे था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यहां तेजी से विकास हुआ है। इस बदलाव में क्षेत्र के किसानों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने विकास की इस यात्रा में सहयोग देने के लिए किसानों का आभार व्यक्त किया।
वहीं, ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो परियोजना को मंजूरी मिलने पर धीरेन्द्र सिंह ने प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लाखों लोग निवास करते हैं और लंबे समय से इस क्षेत्र को मेट्रो से जोड़ने की मांग की जा रही थी। मेट्रो विस्तार को मंजूरी मिलने से क्षेत्र के निवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने इसे पूरे गौतमबुद्ध नगर जनपद के लिए खुशी का विषय बताया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।