UPITS 2026 बना UP के ‘Local से Global’ सफर का मंच: Nand Gopal Gupta, Minister, UP
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Greater Noida News (27 सितंबर 2026): उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) का चौथा संस्करण प्रदेश की बदलती हुई ट्रेड इकोसिस्टम और बढ़ती औद्योगिक क्षमता की तस्वीर प्रस्तुत कर रहा है। उन्होंने कहा कि यूपीआईटीएस का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को देश के बाजार तक सीमित न रखते हुए उन्हें वैश्विक बाजार तक पहुंचाना है।
नंदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार व्यापार एवं औद्योगिक विकास के लिए लगातार काम कर रही है। वर्ष 2023 में शुरू हुआ यूपीआईटीएस आज अपने चौथे संस्करण तक पहुंच चुका है और प्रत्येक संस्करण के साथ इसका दायरा और प्रभाव बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि 25 से 29 सितंबर तक आयोजित यूपीआईटीएस में बड़ी संख्या में विदेशी खरीदार और प्रदर्शक शामिल हो रहे हैं। इस मंच पर ODOP उत्पादों, हस्तशिल्प, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल, लेदर, इलेक्ट्रॉनिक्स समेत विभिन्न क्षेत्रों के उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं।
औद्योगिक विकास मंत्री ने कहा कि यूपीआईटीएस ने छोटे-बड़े उद्यमियों को ऐसा मंच उपलब्ध कराया है, जहां वे अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने के साथ दुनिया भर के खरीदारों से सीधे संवाद कर रहे हैं, नए बाजार तलाश रहे हैं और व्यापारिक रिश्ते बना रहे हैं। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री के ‘Vocal for Local’ और ‘Local से Global’ विजन का वास्तविक स्वरूप बताया।
नंदी ने कहा कि भारत के विभिन्न देशों के साथ व्यापार समझौतों और फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) से निर्यातकों के लिए नई संभावनाएं पैदा हुई हैं। सरकार इन अवसरों की जानकारी उद्यमियों तक पहुंचाने का लगातार प्रयास कर रही है और यूपीआईटीएस के दौरान आयोजित नॉलेज सेशन भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास करीब एक करोड़ से अधिक MSME का विशाल आधार, एक्सप्रेसवे का व्यापक नेटवर्क, बेहतर एयर कनेक्टिविटी और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर है। इसके साथ ही प्रदेश के मेहनती युवा और प्रतिभाशाली उद्यमी इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। सरकार ऐसी व्यवस्थाएं विकसित कर रही है, जिससे निर्यातकों को वैश्विक बाजार तक पहुंचने में आसानी हो।
नंदी ने कहा कि यूपीआईटीएस केवल एक व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की प्रतिभा, कारीगरों के हुनर और उद्यमियों के परिश्रम का प्रदर्शन है। यह नए भारत के नए उत्तर प्रदेश की तस्वीर है, जो अपनी स्थानीय ताकत को वैश्विक अवसरों में बदलना जानता है।
उन्होंने बताया कि यूपीआईटीएस में जापान, वियतनाम, सिंगापुर, रूस, ऑस्ट्रिया और बेलारूस जैसे देशों की पार्टनर कंट्री के रूप में भागीदारी है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया उत्तर प्रदेश को केवल एक बाजार के रूप में नहीं, बल्कि एक व्यापारिक साझेदार के रूप में देख रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।