Global Trade में भारत ने बदली रणनीति, अपनी शर्तों पर हो रहे समझौते: MSME मंत्री भूपेंद्र चौधरी | UPITS
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Greater Noida News (27 सितंबर 2026): यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के विशेष सत्र में उत्तर प्रदेश के MSME मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक व्यापार को लेकर अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। अब भारत रक्षात्मक रवैया अपनाने के बजाय आत्मविश्वास के साथ विकसित देशों के साथ बराबरी और अपने हितों को ध्यान में रखकर व्यापारिक समझौते कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ के मंत्र ने भारत को वैश्विक निर्यात और निर्माण के क्षेत्र में नई दिशा दी है। उत्तर प्रदेश में एक करोड़ से अधिक MSME इकाइयां आत्मनिर्भर भारत के विकास इंजन के रूप में आगे बढ़ रही हैं।

भूपेंद्र चौधरी ने पिछली सरकारों की व्यापार नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि 2004 से 2014 के बीच कई फ्री ट्रेड एग्रीमेंट बिना पर्याप्त रणनीतिक तैयारी के किए गए। इसके चलते घरेलू बाजार पर दबाव बढ़ा और MSME क्षेत्र को भी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने किसानों और छोटे उद्योगों के हितों को ध्यान में रखते हुए संतुलित व्यापार समझौतों पर जोर दिया। भारत ने UAE के साथ CEPA, ऑस्ट्रेलिया के साथ ECTA और EFTA समूह के चार विकसित देशों के साथ ऐतिहासिक समझौते किए हैं।
MSME मंत्री ने कहा कि 2013-14 की तुलना में आज भारत का कुल निर्यात करीब दोगुने स्तर तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि भारत अब वैश्विक व्यापार में केवल बाजार बनने के बजाय अपनी शर्तों पर नए अवसर तैयार करने और दुनिया के सामने आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने वाला देश बन रहा है।

कार्यक्रम में वित्त एवं औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, राज्य मंत्री (MSME) हंसराज विश्वकर्मा, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, IEML चेयरमैन डॉ राकेश कुमार सहित उद्योग जगत के प्रतिनिधि, ग्लोबल बायर्स और विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।