‘शौक से कारोबार तक…’ UPITS 2026 में महिलाओं ने दिखाया हुनर और आत्मनिर्भरता का दम
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Greater Noida News (26 सितंबर 2026): कभी शौक के तौर पर शुरू किया गया काम आज कई महिलाओं के लिए सफल कारोबार बन चुका है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचीं महिला उद्यमियों ने अपने हुनर, मेहनत और आत्मनिर्भरता की नई तस्वीर पेश की। महिलाएं अब सिर्फ उत्पाद तैयार करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनकी ब्रांडिंग, बिक्री, बाजार विस्तार और दूसरी महिलाओं को रोजगार देने की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं।
मेरठ के कंकरखेड़ा से आईं हरप्रीत कौर अपनी फर्म ‘सॉल फॉर अर्थ’ के जरिए पीतल से बनी कलाकृतियां और ट्रॉफियां लेकर ट्रेड शो में पहुंची हैं। उनका कहना है कि सरकार की योजनाओं और ऐसे बड़े मंचों के माध्यम से महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। उनके उत्पाद अब देश के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी पहचान बना रहे हैं।
शौक को बनाया कारोबार, सात महिलाओं को दिया रोजगार
गाजियाबाद के बजरिया की अंजली ने चित्रकारी के अपने शौक को कारोबार में बदल दिया। ‘अंजली क्रिएशन’ के जरिए वह कपड़ों पर आकर्षक चित्रकारी कर सूट, दुपट्टे, जींस और ट्राउजर तैयार करती हैं। जिला ग्रामोद्योग विकास से ऋण लेकर शुरू किए गए इस काम ने अब कारोबार का रूप ले लिया है। उनके उत्पाद 10 हजार रुपये तक की कीमत में बिक रहे हैं। कारोबार बढ़ने के साथ अंजली सात अन्य महिलाओं को भी नियमित रोजगार दे रही हैं।
गाजियाबाद के वसुंधरा की प्रतिभा त्यागी ‘प्रतिभा डिजाइनर हब’ के माध्यम से हैंडमेड सूट, दुपट्टे, लहंगे और जूट से बने बैग लेकर ट्रेड शो में पहुंची हैं। उनका फोकस हस्तनिर्मित उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने पर है। ट्रेड शो के जरिए उन्हें नए ग्राहकों और संभावित बाजारों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
स्वयं सहायता समूहों ने बदली महिलाओं की आर्थिक तस्वीर
बुलंदशहर के नंगला गोविंदपुर की सितारा ‘आजीविका स्वयं सहायता समूह’ का संचालन करती हैं। उनके समूह से 13 महिलाएं जुड़ी हैं और वे बेडशीट समेत विभिन्न उत्पाद तैयार कर रही हैं। सितारा के मुताबिक स्वयं सहायता समूह से जुड़कर महिलाओं को आय का स्थायी जरिया मिला है और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।
वहीं, सहारनपुर के नांगल क्षेत्र से आईं सुधा सैनी ‘चलोरी स्वयं सहायता समूह’ का संचालन करती हैं। वह लगातार चौथी बार नोएडा में आयोजित ट्रेड शो में हिस्सा ले रही हैं। सुधा का कहना है कि इस मंच ने उनके हस्तशिल्प उत्पादों को स्थानीय बाजार से बाहर निकालकर व्यापक और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में सामने आई इन महिला उद्यमियों की कहानियां बताती हैं कि महिलाएं अब सिर्फ उत्पाद बनाने वाली नहीं, बल्कि कारोबार की पूरी कमान संभालने वाली उद्यमी बन रही हैं। वे अपने उत्पादों की पहचान बना रही हैं, नए बाजार तलाश रही हैं और दूसरी महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा कर रही हैं। ट्रेड शो उनके लिए बिक्री के साथ-साथ ब्रांडिंग, नेटवर्किंग और देश-दुनिया के खरीदारों से जुड़ने का बड़ा मंच बन रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।