UPITS 2026: Expo Mart में तैयारियां Final, सुरक्षा से Traffic तक प्रशासन ने कसी कमर

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Greater Noida News (24 September 2026): ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले UP International Trade Show-2026 को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। आयोजन को सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी ने एक्सपो मार्ट के सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक की।

बैठक से पहले जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को शेष तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रवेश और निकास द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तथा वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, डायवर्जन और पुलिस बल की तैनाती के भी निर्देश दिए।

पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को वाहनों का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने और किसी भी स्थान पर जाम की स्थिति न बनने देने के निर्देश दिए गए। साथ ही आयोजन स्थल के महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस एवं यातायात कर्मियों की प्रभावी तैनाती के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की तैयारियों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों से अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता और आपसी समन्वय के साथ निर्वहन करने को कहा। उन्होंने अग्नि सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, एंबुलेंस, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हेलीपैड एवं वीवीआईपी आगमन से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार तैयारियों का अंतिम परीक्षण करने और कमी मिलने पर तत्काल उसका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशासन के अनुसार, UP International Trade Show-2026 में देश-विदेश से बड़ी संख्या में उद्यमियों, खरीदारों, निवेशकों, प्रतिनिधियों और आगंतुकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में आयोजन स्थल से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक सुरक्षा, यातायात और नागरिक सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, एडिशनल सीपी राजीव नारायण मिश्रा, एसीईओ यमुना विकास प्राधिकरण शैलेन्द्र भाटिया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी भू0/अ0 अरूण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।