UPITS 2026: 85 देशों के खरीदार, 2,400+ प्रदर्शक और ‘One District, One Cuisine’—ग्रेटर नोएडा में सजेगा ग्लोबल ट्रेड का मंच

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Greater Noida News (24 September 2026): उत्तर प्रदेश को ग्लोबल सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि इस वर्ष ट्रेड शो में 2,400 से अधिक प्रदर्शक, 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार, 1.5 लाख से अधिक बीटूबी विजिटर्स और 4.5 लाख से अधिक सामान्य आगंतुकों के शामिल होने की उम्मीद है।

ट्रेड शो का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। आयोजन में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, कारोबारियों, निवेशकों, निर्माताओं और निर्यातकों को एक मंच पर लाकर व्यापारिक साझेदारी और नए बाजारों तक पहुंच के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां हैं और एमएसएमई प्रदेश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। UPITS के जरिए स्थानीय उद्यमों को बाजार विस्तार, निवेश, तकनीकी सहयोग, निर्यात और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

इस वर्ष ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम छह पार्टनर देशों के रूप में भाग लेंगे। अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं। FIEO के होस्टेड बायर प्रोग्राम के जरिए आयातकों, वितरकों, रिटेलर्स, सोर्सिंग एजेंट्स और अन्य कारोबारी प्रतिनिधियों को जोड़ा जा रहा है। बीटूबी मैचमेकिंग और नेटवर्किंग के जरिए प्रदर्शकों और खरीदारों के बीच सीधे कारोबारी संवाद का अवसर मिलेगा।

UPITS 2026 में उत्तर प्रदेश के एमएसएमई, कृषि, ऑटोमोबाइल, ईवी, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, डिफेंस, फूड प्रोसेसिंग, हैंडलूम, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल्स, हेल्थ, फार्मास्यूटिकल्स, इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग, पर्यटन, स्पोर्ट्स, टॉयज, रिन्यूएबल एनर्जी, लॉजिस्टिक्स, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों की व्यापक झलक देखने को मिलेगी।

इस बार ट्रेड शो में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ के साथ ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन’ को भी विशेष पहचान दी जाएगी। इसके जरिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजनों, स्थानीय पाक विधियों और खाद्य विरासत को देश-विदेश के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। व्यापार के साथ उत्तर प्रदेश की संस्कृति, खान-पान, हस्तशिल्प और नवाचार भी आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

पांच दिवसीय आयोजन में बिजनेस एंगेजमेंट्स, नॉलेज सेशंस, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव परफॉर्मेंस, अवॉर्ड्स, फैशन शो और लेजर शो आयोजित किए जाएंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल ट्रेड, फूड प्रोसेसिंग, एमएसएमई और ग्लोबल फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स जैसे विषयों पर भी विशेषज्ञ चर्चा करेंगे।

आयोजकों के अनुसार, UPITS 2025 में 5,07,099 आगंतुक पहुंचे थे, जिनमें 1,40,735 बीटूबी विजिटर्स शामिल थे। पिछले संस्करण में 2,228 प्रदर्शकों ने 35,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में भाग लिया था। एफआईईओ के माध्यम से 85 देशों के 550 से अधिक विदेशी खरीदार भी जुड़े थे। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2025 संस्करण में ₹1,882 करोड़ मूल्य के 2,400 से अधिक एमओयू और ₹11,200 करोड़ से अधिक की बिजनेस इन्क्वायरी दर्ज की गई थी।

UPITS 2026 में डिजिटल सुविधाओं को भी बढ़ाया गया है। UPITS ऐप के माध्यम से खरीदार और प्रदर्शक कारोबारी अवसरों की पहचान करने के साथ बीटूबी बैठकों को पहले से निर्धारित कर सकेंगे। आयोजकों का कहना है कि चौथा संस्करण उत्तर प्रदेश के उत्पादों, सेवाओं और औद्योगिक क्षमता को वैश्विक बाजार से जोड़ने के प्रयास को और व्यापक बनाएगा।

कार्यक्रम: उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026
तिथियां: 25 से 29 सितंबर 2026
स्थान: इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा
बिजनेस आवर्स: सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक
पब्लिक आवर्स: दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक
थीम: “Ultimate Sourcing Begins Here…”
पार्टनर देश: ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम
अपेक्षित प्रदर्शक: 2,400+
अपेक्षित बीटूबी विजिटर्स: 1.5 लाख+
अपेक्षित बीटूसी आगंतुक: 4.5 लाख+


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।