ग्रेटर नोएडा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के संकट निवारण हवन में उमड़ा जनसैलाब, 2 हजार श्रद्धालुओं ने दी आहुति
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (24 सितंबर 2026): ग्रेटर नोएडा के रामलीला मैदान में बुधवार शाम पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की मौजूदगी में श्री हनुमान चालीसा पाठ एवं संकट निवारण हवन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 2 हजार श्रद्धालु शामिल हुए। ग्रेटर नोएडा और नोएडा के अलावा दिल्ली और गाजियाबाद से भी बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे।
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शाम करीब 7:30 बजे रामलीला मैदान पहुंचे। उनके पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने ‘सीताराम’ और ‘जय श्रीराम’ के जयकारे लगाए। इसके बाद उन्होंने भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं से संवाद किया।
धर्म के साथ व्यवहारिक जीवन में बदलाव पर जोर
अपने संबोधन में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने धार्मिक आचरण के साथ-साथ व्यवहारिक जीवन में बदलाव की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि धर्म को केवल बाहरी दिखावे तक सीमित नहीं रखना चाहिए।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ लोग प्याज नहीं खाते, लेकिन ब्याज खाते हैं और उस पर ब्याज भी लेते हैं। उन्होंने धार्मिक आस्था और व्यवहार के बीच अंतर का उल्लेख करते हुए कहा कि कई लोग शराब और मांस का सेवन करते हैं, लेकिन मंगलवार के दिन इन्हें छोड़ देते हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या मंगलवार को ही हनुमान जी मौजूद रहते हैं और बाकी दिनों में नहीं?

‘भगवान भाव के भूखे हैं’
धीरेंद्र शास्त्री ने शिवलिंग पर जल चढ़ाने और पूजा-पाठ को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भगवान केवल बाहरी पूजा-पाठ से प्रसन्न नहीं होते, बल्कि श्रद्धा और भावना महत्वपूर्ण है। उनके मुताबिक, यदि मन में गलत विचार और दूसरों के प्रति बुराई है तो केवल माला जपने से धार्मिकता पूरी नहीं होती।
उन्होंने लोगों से मांसाहार, शराब और दूसरों का बुरा करने जैसी आदतों को छोड़कर अपने मन, कर्म और आचरण में बदलाव लाने का आह्वान किया।
मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने दी आहुति
संबोधन के बाद सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कराया गया। इसके बाद संकट निवारण हवन शुरू हुआ। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मंच से मंत्रोच्चार के साथ हवन की प्रक्रिया कराई, जिसमें मैदान में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी अपनी-अपनी जगह पर बैठकर आहुति दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। रामलीला मैदान के आसपास बैरिकेडिंग की गई और भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई।

इससे पहले शारदा यूनिवर्सिटी पहुंचे थे धीरेंद्र शास्त्री
रामलीला मैदान में आयोजित हवन से पहले पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शारदा यूनिवर्सिटी पहुंचे थे। यहां आयोजित ‘माइंड सेट, लाइफ सेट’ कार्यक्रम में उन्होंने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से जीवन, सोच और व्यक्तिगत विकास से जुड़े विषयों पर बातचीत की।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।