Noida News (24/09/2026): SSC-GD कांस्टेबल की ऑनलाइन परीक्षा में प्रॉक्सी सर्वर के जरिए नकल कराने वाले गिरोह के एक और आरोपी को STF ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान करीब 30 वर्षीय अरुण कुमार उर्फ ‘डेविल’ के रूप में हुई है। STF ने उसे मंगलवार शाम करीब 6 बजे दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके से पकड़ा।
STF की जांच में सामने आया कि अरुण परीक्षा के सर्वर की सोर्स फाइल में बदलाव करने और सिस्टम को हैक करने में शामिल था। गिरोह परीक्षा केंद्र के बाहर से अभ्यर्थियों के कंप्यूटर को नियंत्रित करता था। इसके लिए प्रॉक्सी सर्वर और विशेष स्क्रिप्ट का इस्तेमाल किया जाता था। पूछताछ में अरुण ने बताया कि उसने अमित कुमार को SSC-GD परीक्षा से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण फाइलें डिक्रिप्ट करके दी थीं। दोनों ने क्लाइंट कंप्यूटर को प्रॉक्सी सर्वर से जोड़ने वाली स्क्रिप्ट भी तैयार की थी।
इस मामले की शुरुआत 22 मई को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित बालाजी डिजिटल जोन में हुई कार्रवाई से हुई थी। SSC-GD परीक्षा के दौरान प्रॉक्सी सर्वर लगाकर नकल कराने वाले गिरोह का STF ने खुलासा किया था। उस समय मुख्य आरोपी प्रदीप चौहान, हैकर अमित राणा समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से 50 लाख रुपये नकद, प्रॉक्सी सर्वर और परीक्षा से संबंधित उपकरण बरामद हुए थे। STF के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

STF के मुताबिक, अरुण ने 2019 में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली में सेंध लगाने का तरीका सीखा था। वह दिल्ली के मुखर्जी नगर में बिहार निवासी मनोज के संपर्क में आया था। इसके बाद उसने सर्वर हैकिंग और परीक्षा सिस्टम में बदलाव से जुड़े काम शुरू किए। जांच में उसका संपर्क उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार, झारखंड और नॉर्थ ईस्ट के परीक्षा धांधली से जुड़े लोगों से होने की बात सामने आई है। 2024 में सीतापुर में नर्सिंग स्टाफ ऑफिसर की ऑनलाइन परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में भी उसका नाम सामने आया था।
STF ने अरुण के कब्जे से 12 TFT स्क्रीन, 2 लैपटॉप, 11 Raspberry Pi डिवाइस, 14 HDMI वीडियो कैप्चर डिवाइस, 8 VGA स्विच और 13 HDTV VGA एडॉप्टर बरामद किए हैं। इसके अलावा 9 USB Type-C एडॉप्टर, 9 TP-Link USB ब्लूटूथ डोंगल, 4 VGA-HDTV एडॉप्टर, Excitel ब्रॉडबैंड डिवाइस और 2 सोल्डर मशीन भी मिली हैं। आरोपी के खिलाफ नॉलेज पार्क थाने में BNS, IT Act और सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों के इस्तेमाल से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।