यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती Sleeper Bus बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की मौत; कई ने कूदकर बचाई जान
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Greater Noida News (24 September 2026): ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना की पुष्टि नोएडा पुलिस ने की है।
जानकारी के मुताबिक हादसा दयानतपुर गांव के पास हुआ। बस ग्रेटर नोएडा की ओर से आगरा की तरफ जा रही थी और उसमें करीब 40 से 50 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। अचानक बस में आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
आग तेजी से फैलने के कारण कुछ यात्री बस के अंदर फंस गए। वहीं, चालक द्वारा बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोकने के बाद कई यात्रियों ने बाहर निकलने के लिए छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद बस से धुएं का गुबार और ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब चार से पांच दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया। घायलों को उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि बस दिल्ली से महोबा जा रही थी और उसका नंबर BR 32 PA 8647 है। बस को राज कल्पना ट्रैवल्स की बताया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बस से पटाखे जैसी आवाजें आने की बात भी कही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए जेवर टोल और फलैदा कट के आसपास यातायात प्रभावित रहा। आग बुझाए जाने और स्थिति सामान्य होने के बाद यातायात फिर से शुरू कराया गया।
मुख्यमंत्री योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुए हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
टिप्पणियाँ बंद हैं।