दिल्ली में मेट्रो यात्रियों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी, 6 स्टेशनों के MMI प्लान मंजूर
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (24 September 2026): दिल्ली में मेट्रो यात्रियों के लिए स्टेशन तक पहुंचना और वहां से आगे का सफर आसान बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। छह मेट्रो स्टेशनों के आसपास करीब 300 मीटर के दायरे में पैदल यात्रियों, फुटपाथ, सड़क पार करने की सुविधा और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को बेहतर करने वाले मल्टी-मॉडल इंटीग्रेशन यानी MMI प्लान को मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही मां आनंदमयी मार्ग पर आउटर रिंग रोड से महरौली-बदरपुर रोड के बीच 5.5 किलोमीटर लंबे छह लेन के एलिवेटेड कॉरिडोर और मुकरबा चौक को जाम से राहत दिलाने वाली परियोजनाओं को भी हरी झंडी दी गई है।
इन परियोजनाओं को यूनिफाइड ट्रैफिक एंड ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग एंड इंजीनियरिंग सेंटर यानी UTTIPEC की 70वीं गवर्निंग बॉडी बैठक में मंजूरी दी गई। बैठक में DDA, दिल्ली सरकार, आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस, DMRC, PWD, MCD, NDMC, रेलवे और NCRTC समेत संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने की। MMI प्लान के तहत जीटीबी नगर, सरिता विहार, अक्षरधाम, रोहिणी वेस्ट/डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर अस्पताल, मालवीय नगर और शास्त्री पार्क मेट्रो स्टेशनों के आसपास यात्रियों के लिए सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा।
DMRC ने फेज-1 और फेज-2 के कुल 31 मेट्रो स्टेशनों के लिए MMI प्लान तैयार किए थे। इन छह प्लान को मंजूरी मिलने के साथ अब सभी 31 MMI प्लान को UTTIPEC की मंजूरी मिल गई है। इन योजनाओं में स्टेशन के आसपास पैदल यात्रियों की आवाजाही, बेहतर फुटपाथ, सुरक्षित सड़क क्रॉसिंग, लास्ट-माइल कनेक्टिविटी और अन्य ट्रांजिट सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
दक्षिण दिल्ली में मां आनंदमयी मार्ग पर प्रस्तावित छह लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर करीब 5.5 किलोमीटर लंबा होगा। यह आउटर रिंग रोड को महरौली-बदरपुर रोड से जोड़ेगा और रास्ते में आने वाले करीब 12 जंक्शन को बाईपास करेगा। इससे ओखला फेज-1 और फेज-2 के औद्योगिक क्षेत्रों से आने-जाने वाले ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा ओखला एस्टेट मार्ग पर क्राउन प्लाजा जंक्शन के पास अंडरपास और राउंडअबाउट भी बनाया जाएगा।
वहीं, मुकरबा चौक पर मौजूदा रोड ओवरब्रिज को छह से बढ़ाकर 10 लेन करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। इसके अलावा जहांगीरपुरी इंडस्ट्रियल एरिया को संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर से जोड़ने के लिए दिल्ली-सोनीपत रेलवे लाइन के ऊपर चार लेन का नया ओवरब्रिज बनाया जाएगा। नए कनेक्शन से मुकरबा चौक के मौजूदा ट्रैफिक का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा दूसरी ओर डायवर्ट होने का अनुमान है।
इसी बीच दिल्ली सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल शुरू किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ITO मेट्रो स्टेशन से योजनाओं और नागरिक सुविधाओं की जानकारी से रैप की गई विशेष मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सरकार के मुताबिक डिजिटल स्क्रीन, वीडियो वॉल और स्थायी प्रचार पैनलों के जरिए भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। डिजिटल स्क्रीन पर हर पांच मिनट में 15 सेकंड के लिए योजनाओं से जुड़े संदेश दिखाए जाएंगे। अभियान में आयुष्मान वय वंदना योजना, लास्ट-माइल कनेक्टिविटी, MSME के लिए कारोबार आसान बनाने की पहल, EV पॉलिसी, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, अटल कैंटीन, दिल्ली लक्ष्मी योजना, सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड और स्वच्छ यमुना मिशन समेत कई योजनाओं की जानकारी यात्रियों तक पहुंचाई जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।