कैप्टन शशिकांत मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का 5 अक्टूबर से होगा आगाज, विजेता को मिलेंगे 50 हजार रुपये

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (21/09/2026): नोएडा में शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा की स्मृति में पिछले 26 वर्षों से आयोजित हो रहा कैप्टन शशिकांत शर्मा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट इस वर्ष भी आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ 5 अक्टूबर को नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-21ए के क्रिकेट मैदान पर होगा।

प्रतियोगिता का आयोजन मानव सेवा समिति, नोएडा स्पोर्ट्स ट्रस्ट, नोएडा प्रोमोटर्स एंड डवलपर्स वेलफेयर एसोसिएशन (एनपीडीए) और डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन गौतमबुद्ध नगर के तत्वावधान में नोएडा प्राधिकरण के सहयोग से किया जा रहा है।

कैप्टन शशिकांत शर्मा ने 5 अक्टूबर 1998 को सियाचिन ग्लेशियर में पाकिस्तान के सैनिकों से युद्ध करते हुए 23 वर्ष की उम्र में देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए थे। उनकी स्मृति में हर वर्ष शहीदी दिवस पर इस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है।

इस वर्ष प्रतियोगिता में आठ टीमें हिस्सा लेंगी। दस दिन तक चलने वाली टी-20 प्रतियोगिता लीग कम नॉकआउट आधार पर खेली जाएगी, जिसमें कुल 15 मैच होंगे। प्रत्येक टीम को कम से कम तीन मैच खेलने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में एस्टर क्रिकेट अकादमी, पायनियर क्रिकेट क्लब, विश्व फॉल्कन्स, एमएस स्पोर्ट्स, खुर्राट 11, स्किल इंडिया पावर, वंडर्स क्लब नोएडा और स्टार XI क्रिकेट अकादमी की टीमें शामिल हैं।

विजेता टीम को 50 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 25 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को 11 हजार रुपये, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को 5,100-5,100 रुपये तथा सबसे अधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी को 2,100 रुपये दिए जाएंगे। विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और अन्य पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

प्रतियोगिता में अंपायरिंग और स्कोरिंग डीडीसीए पैनल के अंपायर लेखराज और उनकी टीम द्वारा की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।