दिल्ली पुलिस भर्ती की दौड़ में गिरने के बाद युवक की मौत!

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (21 September 2026): दिल्ली पुलिस में सिपाही पदों पर भर्ती के लिए वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में चल रही शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दौड़ के दौरान युवक अचानक जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद परीक्षा स्थल पर हड़कंप मच गया और अन्य अभ्यर्थियों में भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

मृतक की पहचान 23 वर्षीय सौरभ कुमार के रूप में हुई है। सौरभ उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अनूपशहर क्षेत्र का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार, वह वजीराबाद स्थित डीपीए में आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने पहुंचा था। दौड़ के दौरान अचानक गिरने के बाद मौके पर मौजूद कर्मियों ने उसे तत्काल प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई।

इसके बाद सौरभ को पीसीआर कर्मियों की मदद से जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर उसकी मौत की वजह हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना की सूचना सौरभ के परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद परिवार में शोक का माहौल है। परीक्षा केंद्र पर मौजूद अन्य अभ्यर्थी भी घटना से स्तब्ध रह गए। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।