Noida News (21/09/2026): नोएडा में साइबर ठगी के चार अलग-अलग मामलों में आरोपियों ने चार लोगों से 45 लाख रुपये से अधिक की रकम हड़प ली। ठगों ने किसी को कंपनी के सीईओ के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर निशाना बनाया, तो किसी को शेयर ट्रेडिंग में ज्यादा मुनाफे का लालच दिया। वहीं, एक व्यक्ति के बैंक खातों से रकम निकाल ली गई और दूसरे से ऑनलाइन धमकी देकर पैसे ट्रांसफर कराए गए।
सेक्टर-100 स्थित लोटस एस्पेशिया निवासी अनुभव गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 2 अगस्त की शाम उन्हें अमेरिकी नंबर से वॉट्सऐप पर मैसेज और मिस्ड कॉल आया। आरोपी ने उनकी कंपनी के सीईओ की फोटो लगाकर खुद को उनका अधिकारी बताया और एक क्लाइंट के लिए अमेजन से स्टीम वॉलेट रिचार्ज वाउचर खरीदने को कहा। अनुभव ने 2500 रुपये के वाउचर खरीदने शुरू किए और 20 बार में करीब 5 लाख रुपये के वाउचर खरीद लिए। बाद में आरोपी ने और वाउचर लेने का दबाव बनाया, जिसके बाद उन्हें धोखाधड़ी का पता चला।
दूसरे मामले में सेक्टर-23 निवासी 70 वर्षीय महेश नारायण सक्सेना को शेयर ट्रेडिंग में अच्छा रिटर्न दिलाने का झांसा देकर करीब 20 लाख रुपये की ठगी किए जाने की शिकायत है। आरोप है कि वॉट्सऐप पर निशा वर्मा नाम की महिला ने उनसे संपर्क किया और एचडीएफसी सिक्योरिटीज में डीमैट अकाउंट खुलवाने की बात कही। इसके बाद निवेश के नाम पर अलग-अलग तरीके से उनसे रकम ले ली गई। वहीं, कैलाश चंद्र गर्ग के बैंक खातों से 9 से 14 अप्रैल के बीच 7 लाख 26 हजार 990 रुपये निकाले जाने की शिकायत उनकी बेटी अंजना टोमचुक ने पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर दर्ज कराई।
चौथे मामले में सेक्टर-6 निवासी मोहित मिश्रा ने 27 लाख 53 हजार 683 रुपये की साइबर ठगी की शिकायत की है। उनका आरोप है कि आरोपियों ने ऑनलाइन धमकी देकर नुकसान पहुंचाने का डर दिखाया और उनसे रकम ट्रांसफर करा ली। चारों शिकायतों के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब बैंक लेनदेन, संबंधित मोबाइल नंबर, वॉट्सऐप चैट और खातों से जुड़े विवरण खंगाल रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।