UPITS 2026 की तैयारियों को लेकर CM योगी आदित्यनाथ ने की समीक्षा बैठक
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (21/09/2026): ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को यूपीआईटीएस की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे।
मुख्यमंत्री ने यूपीआईटीएस को प्रदेश की औद्योगिक क्षमता और संभावनाओं को प्रदर्शित करने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने सभी विभागों को अपने सत्रों को संक्षिप्त और प्रभावशाली बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ट्रैफिक, पार्किंग, स्वच्छता, सुरक्षा और प्लास्टिक-मुक्त परिसर पर विशेष ध्यान देने को कहा। सभी विभागों को 23 सितंबर तक अपने स्टॉल तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। परिसर में सीसीटीवी, ईवी चार्जिंग स्टेशन, बेहतर नेटवर्क और वाई-फाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
भीड़ प्रबंधन के लिए 500 से अधिक ईवी शटल बसें
यूपीआईटीएस में आने वाले लोगों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए 500 से अधिक ईवी शटल बसें चलाने की तैयारी है। इसके अलावा नोएडा एयरपोर्ट पर यूपीआईटीएस का हेल्प काउंटर बनाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने बैठक में बताया कि कार्यक्रम को लेकर सभी प्रमुख मार्गों की समीक्षा की जा चुकी है।
प्रवेश और निकास द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, फ्रिस्किंग और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की जाएगी। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि आयोजन को लेकर आरडब्ल्यूए, औद्योगिक संगठनों, स्कूल और कॉलेजों के साथ बैठकें की गई हैं। युवाओं को जोड़ने के लिए रील्स चैलेंज, योग एंटरप्रेन्योर प्रतियोगिता और क्विज आयोजित किए जाएंगे।
72 देशों से आएंगे करीब 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदार
इस बार यूपीआईटीएस में अंतरराष्ट्रीय भागीदारी भी बड़े स्तर पर होगी। जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया और बेलारूस को पार्टनर देश के रूप में शामिल किया गया है। इन देशों के प्रतिनिधिमंडल प्रीमियम पवेलियन, द्विपक्षीय बैठकों और बी2बी सेशन में हिस्सा लेंगे।
विदेशी मिशनों के प्रयासों से 72 देशों से करीब 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के आने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने विदेशी मेहमानों के लिए बेहतर आवास व्यवस्था, उच्चायुक्तों के लिए संपर्क अधिकारियों की नियुक्ति और सहायता के लिए गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के छात्रों की तैनाती के निर्देश दिए। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के साथ बैठक कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
20 से अधिक हाई-इंपैक्ट नॉलेज सेशन होंगे
यूपीआईटीएस की केंद्रीय थीम “अद्वितीय सोर्सिंग का अद्भुत मंच” रखी गई है। आयोजन के दौरान 20 से अधिक हाई-इंपैक्ट नॉलेज सेशन आयोजित होंगे। इनमें ग्लोबल सप्लाई चेन में उत्तर प्रदेश का महत्व, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स ग्रोथ, एमएसएमई-ओडीओपी के लिए ई-कॉमर्स और मेडटेक जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री ने अवध, बुंदेलखंड, ब्रज सहित पूरे प्रदेश की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यूपीआईटीएस में 25 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी, जिनमें कथक, सितार वादन, भोजपुरी-आल्हा गायन और राई-चारकुला नृत्य सहित विभिन्न प्रस्तुतियां शामिल होंगी।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी प्रचार
यूपीआईटीएस के प्रचार के लिए एनएमआरसी मेट्रो, बस रैप, मल्टीप्लेक्स, रेडियो और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अभियान चलाया जा रहा है। दी गई जानकारी के अनुसार, मेटा प्लेटफॉर्म पर प्रचार अभियान को 1.3 करोड़ से अधिक व्यूज मिल चुके हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।