भारत को हाथ काटने की धमकी देने वाले दिल्ली क्यों आ रहे है पाकिस्तान के मंत्री
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (19 November 2026): शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की आगामी बैठक में शामिल होने के लिए पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक 20 नवंबर को नई दिल्ली पहुंचेंगे। वह 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले SCO के सिविलाइजेशनल और कल्चरल डायलॉग में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे। खास बात यह है कि मुसादिक मलिक वही पाकिस्तानी मंत्री हैं, जिन्होंने सिंधु जल संधि को लेकर भारत को विवादित बयान देते हुए हाथ काटने की धमकी दी थी। ऐसे में उनका भारत दौरा राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।
भारत की ओर से मिला था निमंत्रण: SCO की इस बैठक में शामिल होने के लिए भारत ने संगठन के सभी सदस्य देशों को आमंत्रित किया है। पाकिस्तान ने भी भारत के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए अपने प्रतिनिधि के रूप में मुसादिक मलिक को नामित किया है। वह पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। इस बैठक में भारत, पाकिस्तान, चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, ईरान, उज्बेकिस्तान और बेलारूस सहित संगठन के सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल भी पहले सभी सदस्य देशों को निमंत्रण दिए जाने की पुष्टि कर चुके हैं।
सिंधु जल समझौते पर दिया था विवादित बयान: मुसादिक मलिक इससे पहले भारत के खिलाफ अपने तीखे बयान को लेकर सुर्खियों में आए थे। सिंधु जल संधि को लेकर उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा था कि जो भी पाकिस्तान के पानी को हाथ लगाएगा, उसके हाथ काट दिए जाएंगे। उनका यह बयान भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के दौरान सामने आया था। पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को स्थगित रखने का फैसला लिया था। इसी मुद्दे पर पाकिस्तान की ओर से लगातार बयानबाजी होती रही है। अब उसी मंत्री का भारत आना दोनों देशों के संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
तीन साल बाद पाकिस्तानी संघीय मंत्री का संभावित दौरा: मुसादिक मलिक की यह यात्रा इसलिए भी अहम है, क्योंकि मई 2023 के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री का यह पहला भारत दौरा हो सकता है। भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से राजनीतिक एवं कूटनीतिक तनाव बना हुआ है। ऐसे माहौल में SCO जैसे बहुपक्षीय मंच की बैठक में पाकिस्तानी मंत्री की मौजूदगी पर सभी की नजरें रहेंगी। हालांकि, यह दौरा संगठन की आधिकारिक बैठक और सांस्कृतिक संवाद तक सीमित है, लेकिन दोनों देशों के बीच मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए मुसादिक मलिक की दिल्ली यात्रा को कूटनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।