UPITS 2026 की तैयारियों की CM योगी ने की समीक्षा, 6 देशों से आएंगे प्रतिनिधि; 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदार होंगे शामिल

टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (20 सितंबर 2026): उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार, विनिर्माण और निर्यात का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में आयोजित होने वाले चतुर्थ उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय आयोजन की तैयारियों की समीक्षा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यूपीआईटीएस 2026 को अंतरराष्ट्रीय स्तर का सुव्यवस्थित आयोजन बनाने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, नवाचार, निवेश और निर्यात संभावनाओं को प्रभावी ढंग से वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जाए।

6 देशों की भागीदारी, 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के आने की संभावना

यूपीआईटीएस 2026 में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस बतौर प्रमुख भागीदार देश शामिल होंगे। इन देशों के प्रतिनिधिमंडल प्रीमियम फोयर पवेलियन, द्विपक्षीय व्यावसायिक सत्रों और बी2बी बैठकों में हिस्सा लेंगे।

FIEO और विदेशी भारतीय मिशनों के समन्वय से 72 देशों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के मेले में पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने विदेशी खरीदारों और प्रदर्शकों के लिए बेहतर आवास व्यवस्था, भागीदार देशों के उच्चायुक्तों के लिए लायजन ऑफिसर की नियुक्ति तथा प्रतिनिधियों की सहायता के लिए गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय और तकनीकी विश्वविद्यालयों के छात्रों की तैनाती के निर्देश दिए।

पीयूष गोयल के साथ विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की बैठक पर जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ प्रभावी रूप से जोड़ा जाए। इसके लिए मंत्री, उद्योग जगत और व्यापारिक प्रतिनिधियों के बीच सार्थक संवाद के लिए अतिरिक्त बैठकें आयोजित करने को कहा गया।

उन्होंने नॉलेज सेशन को संक्षिप्त, प्रभावशाली और उपयोगी बनाने पर भी जोर दिया। संबंधित सरकारी विभागों को अपने-अपने सत्रों की पूरी जिम्मेदारी लेने तथा इनमें आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

20 नॉलेज सेशन में उद्योग और व्यापार से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा

यूपीआईटीएस 2026 में उद्घाटन और प्लेनरी कार्यक्रमों के साथ 20 नॉलेज सेशन आयोजित किए जाएंगे। इनमें वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में उत्तर प्रदेश की भूमिका, भारत में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र का विस्तार, एमएसएमई एवं ओडीओपी निर्यातकों के लिए ई-कॉमर्स और डिजिटल बाजार, मेडटेक, नए श्रम कानून और मुक्त व्यापार समझौतों जैसे विषय प्रमुख होंगे।

इसके अलावा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2026, सड़क सुरक्षा, आयुष वेलनेस और एफपीओ सुदृढ़ीकरण जैसे विषयों पर भी विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

अवध, बुंदेलखंड और ब्रज की संस्कृति की दिखेगी झलक

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि यूपीआईटीएस में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के साथ-साथ अवध, बुंदेलखंड और ब्रज क्षेत्रों की भी व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। आयोजन में उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करने के लिए 25 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के स्लॉट तैयार किए गए हैं।

इनमें कथक, पखावज और सितार वादन, भोजपुरी एवं आल्हा लोक गायन, राई और थारू जनजातीय नृत्य के साथ स्टार म्यूजिकल नाइट्स शामिल हैं।

यातायात, सुरक्षा और पार्किंग पर विशेष फोकस

संभावित बड़ी संख्या में आगंतुकों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने यातायात, पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छता, सुरक्षा, भोजन और पेयजल की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

तीनों प्राधिकरणों को आपसी समन्वय के साथ स्वच्छता, सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सुचारू यातायात सुनिश्चित करने को कहा गया है। आयोजन स्थल को स्वच्छ, व्यवस्थित और प्लास्टिक-मुक्त रखने के साथ प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी सरकारी विभागों को 23 सितंबर तक अपने स्टॉल तैयार करने को कहा गया है। इसके अलावा प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग, पोस्टर और दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे। बेहतर नेटवर्क कनेक्टिविटी के लिए अतिरिक्त टावर लगाने और विश्वसनीय इंटरनेट एवं वाई-फाई सेवाओं की व्यवस्था के लिए टेलीकॉम कंपनियों से समन्वय किया जा रहा है।

500 से अधिक EV शटल बसों की व्यवस्था

गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने मुख्यमंत्री को यूपीआईटीएस के लिए तैयार की गई यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। प्रमुख प्रवेश और निकास बिंदुओं पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। फ्रिस्किंग, भीड़ प्रबंधन और लगातार निगरानी के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

आगंतुकों और प्रदर्शकों के लिए पार्किंग क्षेत्रों से प्रदर्शनी स्थल तक आवागमन को आसान बनाने के लिए 500 से अधिक ईवी शटल बसों के संचालन की योजना है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों और वीवीआईपी मेहमानों की सहायता के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर समर्पित यूपीआईटीएस सुविधा काउंटर भी संचालित किया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर भी व्यापक प्रचार अभियान

यूपीआईटीएस 2026 को लेकर एनएमआरसी मेट्रो लाइनों, शहर की बसों के रैप्स, मल्टीप्लेक्स सिनेमा स्क्रीन, रेडियो और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर व्यापक प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। आयोजन से जुड़े प्रचार अभियानों को मेटा प्लेटफॉर्म्स पर 1.3 करोड़ से अधिक वीडियो व्यूज मिलने की जानकारी दी गई है।

खरीदारों, प्रदर्शकों और मेहमानों की सहायता के लिए सीएम फेलो, उद्यमी मित्र, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय और अन्य क्षेत्रीय संस्थानों के युवा स्वयंसेवकों को भी तैनात किया जा रहा है।

युवाओं और Gen Z को जोड़ने की तैयारी

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने मुख्यमंत्री को जिले में चलाए जा रहे जन-जागरूकता और युवा सहभागिता अभियानों की जानकारी दी। आरडब्ल्यूए, औद्योगिक संगठनों, स्कूलों, कॉलेजों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बैठकें की गई हैं।

युवाओं को यूपीआईटीएस से जोड़ने के लिए डिजिटल रील चैलेंज, यंग एंटरप्रेन्योर प्रतियोगिता और विशेष क्विज जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

36,500 वर्ग मीटर प्रदर्शनी क्षेत्र बुक

इस वर्ष यूपीआईटीएस की केंद्रीय थीम ‘अद्वितीय सोर्सिंग का अद्भुत मंच…’ (Ultimate Sourcing Begins Here…) रखी गई है। मेले में ODOP, ODOC, सीएम युवा, एमएसएमई, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी, रक्षा एवं एयरोस्पेस, कृषि, नवीकरणीय ऊर्जा, ऑटोमोबाइल एवं इलेक्ट्रिक वाहन, फार्मा एवं हेल्थकेयर, टेक्सटाइल एवं हथकरघा, लॉजिस्टिक्स, रियल एस्टेट, पर्यटन और संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों की झलक देखने को मिलेगी।

आयोजन में 36,500 वर्ग मीटर प्रदर्शनी क्षेत्र पहले ही बुक किया जा चुका है। भूतल और द्वितीय तल के हॉल में औद्योगिक विकास प्राधिकरणों और कॉर्पोरेट संस्थाओं के लिए लेआउट को अंतिम रूप दिया जा चुका है।

यूपीआईटीएस 2026 को उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, सांस्कृतिक और निर्यात क्षमता को वैश्विक बाजार के सामने प्रस्तुत करने वाले प्रमुख मंच के रूप में तैयार किया जा रहा है।

 

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।