नारी सशक्तिकरण और युवा नवाचार पर जोर, ‘उत्कर्ष’ में गूंजा नए भारत का संकल्प
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (21/09/2026): गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में आयोजित दो दिवसीय प्रेरणा विमर्श-2026 के अंतिम दिन रविवार को ‘उत्कर्ष’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘नारी सम्मान और युवा स्वाभिमान’ रही। सृजन संवाद के तहत ‘स्वाभिमानी नारी, सशक्त भारत’ और ‘युवा सोच, नया भारत’ विषय पर दो समानांतर सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में नारी सशक्तिकरण, परिवार, संस्कार, युवा शक्ति, तकनीक, नवाचार और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर वक्ताओं ने विचार साझा किए।
सत्र संयोजक अखिलेश चौधरी ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं, जबकि युवा नवाचार के माध्यम से नए भारत के निर्माण में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वाभिमानी नारी राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। मां बच्चे की प्रथम गुरु होती हैं और उनके संस्कार एवं आचरण से ही बच्चे के चरित्र का निर्माण होता है।
‘स्वाभिमानी नारी, सशक्त भारत’ सत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि परिवार समाज को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण इकाई है। भारतीय संस्कार और परंपराएं परिवार को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। नई पीढ़ी तक संस्कार पहुंचाने में परिवार की महिलाओं की भूमिका बेहद अहम है। परिवार जैसा होगा, उसी के अनुरूप समाज और राष्ट्र का स्वरूप भी आकार लेगा।
योग विशेषज्ञ निवेदिता जोशी ने कहा कि महिलाओं की जिम्मेदारियां केवल उनके अधिकारों के आधार पर तय नहीं होनी चाहिए। मानसिक रूप से सशक्त महिला ही अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकती है। वहीं, भविष्य प्रौद्योगिकी प्रबंधन निदेशालय की निदेशक रंजना मल्लामल्ली ने कहा कि परिवार के सहयोग के बिना कोई भी व्यक्ति अपनी क्षमता का शत-प्रतिशत उपयोग नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि महिलाएं तकनीक से लेकर उद्यमिता तक विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व कर रही हैं।
दूसरे समानांतर सत्र ‘युवा सोच, नया भारत’ में युवाओं की भूमिका, तकनीक और नवाचार पर विस्तार से चर्चा हुई। युवाओं के सही दिशा में आगे बढ़ने, समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा सकारात्मक सोच और नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने पर जोर दिया गया।
आईईसी ग्रुप ऑफ कॉलेज के प्रबंध निदेशक डॉ. मयंक अग्रवाल ने कहा कि युवाओं को समय के साथ कदम मिलाने के लिए तेजी से सीखने की क्षमता विकसित करनी होगी। उन्होंने कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति युवाओं को बदलते समय के अनुरूप आगे बढ़ने में मदद करती है।
कार्यक्रम में प्रो. अनिल निगम, डॉ. प्रियंका, डॉ. प्रदीप, डॉ. नीलम, प्रो. हरेंद्र सिंह, नीतिका सेठी, उत्तराखंड के क्षेत्र प्रचार प्रमुख कृपाशंकर, प्रेरणा विमर्श-2026 आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. अमित वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश गुप्ता, संयोजक श्याम किशोर, सचिव मणिका चौहान और सह संयोजक अखिलेश चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।