ग्रेटर नोएडा वेस्ट में धूल उड़ाने वाली दो सफाई कंपनियों पर 2 लाख रुपये का जुर्माना
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida West News (19/11/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सड़कों की सफाई के दौरान लापरवाही बरतने पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने दो ठेकेदार कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की है। मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से सफाई करते समय पानी का छिड़काव नहीं करने और धूल उड़ाने के मामले में दोनों कंपनियों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। प्राधिकरण ने दोनों कंपनियों को नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा है।
यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आने के बाद की गई, जिसमें मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से सफाई के दौरान सड़कों पर धूल का गुबार उड़ता दिखाई दे रहा था। मामले का संज्ञान लेते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने जांच कराई और लापरवाही मिलने पर संबंधित कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की।
प्राधिकरण के डीजीएम विजय रावल के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से शिकायत मिली थी कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सफाई के दौरान मशीनों से धूल उड़ाई जा रही है। जबकि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए मशीनों से सफाई करते समय पानी का छिड़काव करना जरूरी है। इसके बावजूद कंपनियां निर्धारित नियमों का पालन नहीं कर रही थीं।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT), केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) और उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) के दिशा-निर्देशों के अनुसार सफाई कार्य किया जाना अनिवार्य है। मशीनों से सफाई के दौरान पानी का छिड़काव नहीं होने से धूल वातावरण में फैलती है और वायु प्रदूषण बढ़ने का खतरा रहता है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के कार्यभार संभालने के बाद सफाई व्यवस्था और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर प्राधिकरण की सख्ती भी सामने आई है। प्राधिकरण ने संबंधित एजेंसियों को निर्धारित मानकों के अनुसार काम करने के निर्देश दिए हैं। नियमों की अनदेखी करने वाली कंपनियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।