ग्रेटर नोएडा में FDRC का नया कक्ष शुरू, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने किया उद्घाटन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (18/09/2026): गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से पारिवारिक विवादों के समाधान और महिलाओं को परामर्श एवं सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में संचालित फैमिली डिस्प्यूट रिजॉल्यूशन क्लीनिक (FDRC) को और प्रभावी बनाने की पहल की गई है। शुक्रवार को थाना नॉलेज पार्क परिसर में FDRC के नवीनीकृत कक्ष का उद्घाटन किया गया।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान के साथ फीता काटकर नवीनीकृत FDRC कक्ष का शुभारंभ किया। उद्घाटन के बाद दोनों अधिकारियों ने केंद्र की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं परिवारिक विवादों के समाधान के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रिया की जानकारी ली।
इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि पारिवारिक विवादों को केवल कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से हल करने के बजाय संवाद, परामर्श और आपसी सहमति के जरिए सुलझाने के प्रयास किए जाने चाहिए। FDRC इसी उद्देश्य से परिवारों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराता है, जहां विवादों को संवेदनशीलता के साथ समझते हुए समाधान की दिशा में प्रयास किया जाता है।
शारदा यूनिवर्सिटी में FDRC के वार्षिक कार्यक्रम में शामिल हुईं पुलिस कमिश्नर
FDRC कक्ष के उद्घाटन के बाद पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने शारदा यूनिवर्सिटी में आयोजित FDRC के वार्षिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पारिवारिक विवादों का समयबद्ध और संवेदनशील तरीके से समाधान सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने संवाद और परामर्श को विवाद समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि FDRC के जरिए कई परिवारों को न्यायालयी प्रक्रिया में जाने से पहले ही आपसी बातचीत और काउंसलिंग के माध्यम से समाधान प्राप्त हो रहा है। इससे न केवल विवादों को कम करने में मदद मिलती है, बल्कि परिवारिक रिश्तों को बनाए रखने की संभावनाएं भी मजबूत होती हैं।

पुलिस कमिश्नर ने इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस, विधि विशेषज्ञों, काउंसलरों और अन्य संबंधित संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से मिलकर कार्य करने और जरूरतमंद परिवारों तक प्रभावी सहायता पहुंचाने का आह्वान किया।
महिला अधिकारों और सशक्तिकरण पर भी जोर
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण और परिवारों में संवाद एवं परामर्श की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए ऐसे मंच महत्वपूर्ण हैं, जहां महिलाओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जा सके और उन्हें उचित मार्गदर्शन मिल सके। उन्होंने FDRC जैसी पहल को परिवारों के बीच संवाद स्थापित करने की दिशा में उपयोगी बताते हुए कहा कि परामर्श आधारित समाधान से कई मामलों में विवादों को बढ़ने से पहले ही सुलझाने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में शारदा यूनिवर्सिटी के चांसलर पी.के. गुप्ता, प्रो-चांसलर वाई.के. गुप्ता, शारदा स्कूल ऑफ लॉ के डीन ऋषिकेश धवे, डीसीपी महिला सुरक्षा सुनीति सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, विधि विशेषज्ञ, अधिवक्ता, परामर्शदाता, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान FDRC की भूमिका, पारिवारिक विवादों के वैकल्पिक समाधान, महिला सुरक्षा और परामर्श व्यवस्था को और मजबूत करने को लेकर भी चर्चा की गई।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।