डूसू चुनाव के लिए मतदान शुरू, 1.51 लाख छात्र करेंगे चार केंद्रीय पदों के लिए वोट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (18 September 2025): दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 के लिए शुक्रवार, 18 सितंबर को मतदान शुरू हो गया है। चुनावी प्रचार, छात्र संगठनों की गतिविधियों और आरोप-प्रत्यारोप के बाद अब छात्र अपने प्रतिनिधियों का चुनाव कर रहे हैं। इस बार कुल 1,51,842 छात्र मतदाता चार केंद्रीय पदों के प्रत्याशियों के लिए मतदान करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मतदान को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए 52 कॉलेजों और मतदान केंद्रों पर व्यवस्था की है। चुनाव में 830 बैलेट यूनिट और 281 कंट्रोल यूनिट का इस्तेमाल किया जा रहा है।

डीयू में सुबह और शाम की शिफ्ट के छात्रों के लिए अलग-अलग मतदान समय निर्धारित किया गया है। सुबह की शिफ्ट के छात्र सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक, जबकि शाम की शिफ्ट के छात्र दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक वोट डाल सकेंगे। मतदान के लिए छात्रों को अपने कॉलेज कार्ड का इस्तेमाल करना होगा और चुनावी आचार संहिता का पालन करना होगा। कॉलेज परिसरों में छात्रों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग द्वार बनाए गए हैं। साथ ही पेयजल, मेडिकल स्टाफ और कॉलेज गेट के बाहर कैट्स एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। तकनीकी खराबी या किसी अन्य समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने 12 कंट्रोल रूम भी स्थापित किए हैं।

मतदान को देखते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है। DCP नॉर्थ निहारिका भट्ट के मुताबिक, चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस और बाहरी बलों को मिलाकर करीब 1,500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की भी तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित करने की कोशिश की गई है कि मतदान के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो और छात्र सुरक्षित माहौल में अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें। दिल्ली के अन्य संबंधित महाविद्यालय में चार केंद्रीय पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया भी आज ही आयोजित की जा रही है।

वहीं, मतदान के बीच प्रत्याशियों की ओर से अपने-अपने मुद्दों और दावों को लेकर बयान भी सामने आ रहे हैं। ABVP के उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार इशू मौर्य ने कहा कि इस बार उनका प्रमुख मुद्दा हॉस्टल की सुविधा है और निर्णय लेने की प्रक्रिया में छात्र प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने चुनावी माहौल को अच्छा बताते हुए ABVP की चारों केंद्रीय सीटों पर जीत का दावा किया है। अब छात्रों के मतदान के बाद यह तय होगा कि DUSU के चार केंद्रीय पदों पर कौन-कौन से उम्मीदवार चुने जाते हैं। चुनाव परिणाम 19 सितंबर को घोषित किए जाने हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।