Delhi के अरुण जेटली स्टेडियम के बाहर टिकटों की कालाबाजारी पर शिकंजा, 19 दलाल गिरफ्तार
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (18 September 2026): भारत-अफगानिस्तान फ्रेंडशिप कप T-20 मैच के दौरान अरुण जेटली स्टेडियम के आसपास टिकटों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मध्य जिला पुलिस के आईपी एस्टेट थाना क्षेत्र की टीम ने विशेष अभियान चलाकर 19 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 71 मैच टिकट और 7,400 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में कुल 13 FIR दर्ज की गई हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर टिकटों को कम कीमत पर हासिल करने के बाद दर्शकों को अधिक कीमत पर बेच रहे थे।
डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह के अनुसार, पुलिस को दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन, एमजी मार्ग, बीएसजेड मार्ग और जेपीएन पार्क के आसपास मैच टिकटों की ब्लैक में बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद एसीपी कमला मार्केट राजीव भारद्वाज के निर्देश पर और एसएचओ नरेश कुमार की देखरेख में स्पेशल एंटी-टाउटिंग टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व एसआई विक्रम और एसआई योगेश पूनिया ने किया। पुलिस ने खुफिया निगरानी के साथ डिकॉय कस्टमर का इस्तेमाल कर संदिग्ध लोगों पर नजर रखी और टिकटों की कथित अवैध बिक्री के दौरान उन्हें पकड़ा।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई तीन दिनों तक चली। 13 सितंबर को 4 मामले दर्ज कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 29 टिकट बरामद हुए। इसके बाद 15 सितंबर को 6 मामले दर्ज किए गए, 10 आरोपियों को पकड़ा गया और 31 टिकट बरामद हुए। वहीं 17 सितंबर को 3 मामले दर्ज कर 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और 11 टिकट बरामद किए गए। इस तरह तीन दिनों की कार्रवाई में कुल 19 गिरफ्तारियां, 13 FIR और 71 टिकटों की बरामदगी हुई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को ये टिकट कहां से मिल रहे थे और इसके पीछे टिकटों की सप्लाई का नेटवर्क कितना बड़ा है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ दिल्ली पर्यटकों के विरुद्ध दलाली एवं कदाचार निवारण अधिनियम, 2010 की धारा 4(C) के तहत मामले दर्ज किए हैं। जांच एजेंसियां अब टिकटों के स्रोत और उनकी सप्लाई चेन की पड़ताल कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कालाबाजारी केवल स्टेडियम के बाहर सक्रिय छोटे स्तर के दलालों तक सीमित थी या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी काम कर रहा था। मैच के दौरान दर्शकों को टिकट खरीदते समय अधिकृत माध्यमों का इस्तेमाल करने और संदिग्ध लोगों से टिकट लेने से बचने की सलाह दी गई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।