BRICS ने Global South को साझा चिंताओं और अपेक्षाओं के लिए प्रभावी मंच दिया: गुरजीत सिंह, Former Ambassador

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (17/09/2026): भारत के पूर्व राजदूत गुरजीत सिंह ने कहा कि भारत, आसियान और ग्लोबल साउथ के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि BRICS की प्रमुख उपलब्धियों में विकासशील देशों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना शामिल है, जहां वे अपनी साझा चिंताओं, प्राथमिकताओं और अपेक्षाओं को प्रभावी ढंग से सामने रख सकें।

सेक्टर-125 स्थित एमिटी विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘विजिगीषु 2026’ में छात्रों को संबोधित करते हुए गुरजीत सिंह ने ग्लोबल साउथ की कार्यप्रणाली और वैश्विक मंचों की भूमिका को समझने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे क्षेत्रीय एवं बहुपक्षीय संगठनों के माध्यम से विभिन्न देशों के बीच सहयोग और वैश्विक चुनौतियों से निपटने के प्रयासों को समझें।

दक्षिण-पूर्व एशिया और Global South पर हुआ मंथन

सम्मेलन का आयोजन रूस के एमजीआईएमओ विश्वविद्यालय के सहयोग से किया गया। सम्मेलन का मुख्य विषय ‘दक्षिण-पूर्व एशिया और ग्लोबल साउथ में सुरक्षा, स्थिरता और रणनीतिक बदलाव’ रहा। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय संबंधों, क्षेत्रीय सुरक्षा, बदलती वैश्विक व्यवस्था और विभिन्न देशों के बीच रणनीतिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर एमिटी विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर डॉ. बलविंदर शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों से जोड़ने और तेजी से बदलती वैश्विक व्यवस्था को समझने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों को वैश्विक मुद्दों पर व्यापक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

छात्रों से स्पष्ट लक्ष्य और विजन के साथ आगे बढ़ने की अपील

इंडेक्स समूह के चेयरमैन सुरेश सिंह भदौरिया ने छात्रों को अपने जीवन और करियर के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा मजबूत विजन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी क्षमताओं को पहचानकर निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया।

वहीं, रूस के एमजीआईएमओ विश्वविद्यालय की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुजाना एदमाएंट्स ने भारत और रूस के संबंधों को मजबूत और महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने दोनों देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने तथा वैश्विक स्तर पर शांति, सद्भाव और आपसी सहयोग को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

सम्मेलन की पुस्तिका का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने ‘विजिगीषु 2026’ सम्मेलन पर आधारित पुस्तिका का विमोचन भी किया। तीन दिवसीय सम्मेलन में विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और छात्रों ने वैश्विक राजनीति, सुरक्षा, स्थिरता तथा रणनीतिक बदलाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।