ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जन्मदिन का केक लेने निकले युवक को कार ने मारी टक्कर, आरोपी चालक गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (17 September 2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बिसरख थाना क्षेत्र में 5 सितंबर की सुबह मूर्ति गोलचक्कर के पास सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी चालक को गिरफ्तार कर कार बरामद कर ली है।
घायल युवक की पहचान वैदपुरा एक्सटेंशन विला निवासी हिमांशु राय के रूप में हुई है। हादसे में हिमांशु की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उनका ऑपरेशन कराना पड़ा। इसके अलावा उनके बाएं पैर में फ्रैक्चर और दाहिने हाथ में भी चोट बताई गई है। परिजनों के मुताबिक, हिमांशु को पूरी तरह स्वस्थ होने में अभी लंबा समय लग सकता है।
जन्मदिन की सुबह हुआ हादसा
बताया गया कि 5 सितंबर को हिमांशु का जन्मदिन था। हिमांशु और उनकी पत्नी ज्योति दोनों एक अमेरिकी कंपनी में नाइट शिफ्ट में काम करते हैं। ड्यूटी पूरी करने के बाद दोनों जन्मदिन के लिए केक लेने निकले थे। उन्होंने मूर्ति चौक के पास एक दुकान पर केक का ऑर्डर दिया था, जहां तक ही डिलीवरी उपलब्ध थी।
केक लेने के लिए दोनों अपनी कार से मूर्ति चौक पहुंचे। ज्योति कार में ही रुकी रहीं, जबकि हिमांशु केक लेने सड़क के दूसरी ओर चले गए। केक लेकर वापस लौटते समय वह सड़क पार कर रहे थे, तभी पीछे से आई एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से निकल गया।
डैशकैम में रिकॉर्ड हुई पूरी घटना
सड़क हादसे की पूरी तस्वीर एक कार के डैशकैम में रिकॉर्ड हो गई। सामने आए फुटेज में दिखाई देता है कि हिमांशु सड़क पार कर रहे थे और इसी दौरान एक कार तेज गति से आती है और उन्हें टक्कर मार देती है। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर जाते हैं।
हादसे के बाद कुछ समय तक हिमांशु को समझ ही नहीं आया कि उनके साथ क्या हुआ। घटना की जानकारी मिलने पर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर चोटों को देखते हुए उपचार शुरू किया।
फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई
मामले की सूचना मिलने के बाद बिसरख थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की मदद से हादसे में शामिल वाहन की पहचान करने का प्रयास किया। जांच के दौरान सामने आया कि दुर्घटना में टाटा पंच कार शामिल थी।
पुलिस ने वाहन को ट्रेस करने के बाद उसके चालक प्रियांशु अवस्थी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दुर्घटना में इस्तेमाल कार को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
परिवार को लंबे इलाज की चिंता
हादसे के बाद हिमांशु का परिवार उनके इलाज और स्वास्थ्य को लेकर चिंतित है। गंभीर चोटों के कारण उन्हें सामान्य जीवन में लौटने में समय लग सकता है। परिवार की ओर से आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
बिसरख थाना प्रभारी रंजीत सिंह ने टेन न्यूज नेटवर्क को बताया कि पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच में सामने आए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुर्घटना में शामिल टाटा पंच की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन को बरामद करते हुए आरोपी चालक प्रियांशु अवस्थी को गिरफ्तार किया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
टिप्पणियाँ बंद हैं।