National News (16 September 2026): उत्तर प्रदेश सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में अपनी बढ़ती क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने की तैयारी में है। सेमीकॉन इंडिया 2026 का आयोजन 17 से 19 सितंबर तक नई दिल्ली के यशोभूमि, द्वारका स्थित इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर में किया जाएगा। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश के उभरते सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्षमता, नीतिगत सहयोग और भविष्य की तैयारियों को प्रमुखता से पेश करेगी।
इस आयोजन में दुनिया की सेमीकंडक्टर कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न राज्य सरकारों, भारतीय उद्योग जगत, स्टार्टअप और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र से जुड़े अन्य पक्षों की भागीदारी होगी। उत्तर प्रदेश की ओर से तैयार प्रचार वीडियो के जरिए प्रदेश में मौजूद बुनियादी ढांचे, नीतिगत समर्थन और भविष्य की संभावनाओं को सामने रखा जाएगा। इसके साथ ही राज्य को देश के तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम के एक प्रमुख हिस्से के तौर पर प्रस्तुत करने की योजना है।
सेमीकॉन इंडिया 2026 का मुख्य विषय ‘ट्रांसफॉर्म टुमारो–सिलिकॉन टू सिस्टम्स: बिल्डिंग ग्लोबल सप्लाई चेन्स’ रखा गया है। आयोजन में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की पूरी वैल्यू चेन से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में 500 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेंगे और करीब 2 लाख वर्गफुट क्षेत्र में प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा 10 स्टेट पवेलियन, 7 कंट्री पवेलियन और 40 स्टार्टअप के लिए अलग स्टार्टअप पवेलियन भी तैयार किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान 150 से अधिक वक्ताओं की भागीदारी के साथ राज्य सरकारों के राउंडटेबल, प्रशिक्षण सत्र, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कंपोनेंट्स से जुड़े अलग-अलग ट्रैक और कंट्री राउंडटेबल आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में निवेश, नई तकनीक, वैश्विक सप्लाई चेन और सेमीकंडक्टर उद्योग की बदलती जरूरतों पर चर्चा होगी। उत्तर प्रदेश की भागीदारी का एक प्रमुख फोकस प्रदेश में तैयार हो रहे इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को निवेशकों और वैश्विक कंपनियों के सामने रखना है।
सेमीकॉन इंडिया 2026 के जरिए वैश्विक कंपनियों, राज्यों और उद्योग जगत के बीच सहयोग और संवाद के नए अवसरों पर भी जोर रहेगा। उत्तर प्रदेश अपनी मौजूदा सुविधाओं और नीतिगत सहयोग के साथ भविष्य की तैयारियों को प्रदर्शित करेगा। इसके साथ ही सेमीकंडक्टर क्षेत्र के लिए कुशल और भविष्य के अनुरूप कार्यबल तैयार करने, तकनीकी सहयोग बढ़ाने और सप्लाई चेन को मजबूत करने जैसे मुद्दे भी आयोजन के प्रमुख विषयों में शामिल रहेंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।