करोड़ों की लागत से बना नोएडा का एलिवेटेड रोड धंसा, 20 फीट चौड़ा और 10 फीट गहरा गड्ढा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Noida News (15 September 2026): नोएडा में सेक्टर-61 से सेक्टर-18 के बीच बने महत्वपूर्ण एलिवेटेड रोड पर मंगलवार को अचानक सड़क धंसने से हड़कंप मच गया। सड़क धंसने से करीब 20 फीट चौड़ा और 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

यह एलिवेटेड रोड नोएडा के साथ-साथ गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, 7X सोसाइटी और दिल्ली के डीएनडी के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है। करीब 5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क धंसने की घटना ने एलिवेटेड रोड की सुरक्षा और निर्माण गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना के बाद नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। हालांकि, सड़क धंसने के कारणों और आगे की कार्रवाई को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। करोड़ों रुपये की लागत से बने इस महत्वपूर्ण मार्ग पर अचानक सड़क धंसने की घटना ने एक बार फिर नोएडा अथॉरिटी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

टिप्पणियाँ बंद हैं।