Noida News: ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा, जनभागीदारी बढ़ाने पर प्रभारी मंत्री का जोर
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (15/09/2026): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर नोएडा में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अभियान की रूपरेखा और प्रस्तावित कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए सोमवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने की।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस महीनेभर के अभियान के दौरान सेवा, स्वच्छता, सांस्कृतिक गतिविधियों और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रहे अभियान
प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को केवल सरकारी आयोजनों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों को भी अभियान से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रमों की योजना इस तरह तैयार की जाए कि अधिक से अधिक लोग सीधे तौर पर इसमें शामिल हो सकें और अभियान का संदेश समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचे।
स्वच्छता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर फोकस
अभियान के दौरान सेवा और स्वच्छता अभियानों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें चित्रकला प्रतियोगिता, रंगोली और अन्य जनभागीदारी वाले कार्यक्रम शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से भी जोड़ने की योजना है। बैठक में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ और ‘सेवा की कहानी’ जैसे कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
‘सेवा की कहानी’ में दिखाई जाएंगी लाभार्थियों की सफलता की कहानियां
अभियान के तहत ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के जरिए सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों और विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की सफलता की कहानियों को लोगों तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है। इसके लिए लाभार्थियों की प्रेरक कहानियों को फोटो, वीडियो और डिजिटल माध्यमों के जरिए साझा किया जाएगा। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं से लोगों को मिले लाभ और उनके जीवन में आए बदलावों को सामने लाना है।
बड़े स्तर पर चलेगा स्वच्छता अभियान
बैठक में जिले में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान और श्रमदान कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को अभियान के दौरान किए गए कार्यों की पहले और बाद की तस्वीरें पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया है। प्रभारी मंत्री ने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने और निर्धारित कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी जोर दिया।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में होगा समापन कार्यक्रम
महीनेभर चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का समापन जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में बड़े कार्यक्रमों के आयोजन के साथ किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।
बैठक में सांसद डॉ. महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर और एमएलसी नरेंद्र भाटी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, तीनों प्राधिकरणों के एसीईओ और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।जिलाधिकारी ने बैठक में सभी तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का भरोसा दिलाया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।