दिल्ली के आया नगर में जिम ट्रेनर की गोलियों से हत्या, 10-12 राउंड फायरिंग से दहशत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (14 September 2026): दिल्ली के साउथ जिले के आया नगर इलाके में जिम ट्रेनर विजय की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे दो आरोपी आया नगर गांव पहुंचे और विजय पर करीब 10 से 12 राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से जिम ट्रेनर की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जता रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विजय की किससे और किस बात को लेकर दुश्मनी थी। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जबकि पुलिस अन्य सुरागों के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने SSB के जवानों को भी तैनात किया है।

पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड का कनेक्शन पिछले साल नवंबर में हुई एक डेयरी संचालक की हत्या से भी जोड़ा जा रहा है। उस वारदात में डेयरी संचालक पर करीब 50 से 60 राउंड फायरिंग की गई थी। पुलिस को शक है कि जिम ट्रेनर विजय की हत्या में शामिल आरोपी उसी गैंग से जुड़े हो सकते हैं, जिसका नाम डेयरी संचालक की हत्या में सामने आया था। डेयरी संचालक हत्याकांड में मुख्य आरोपी जेल में हैं, लेकिन पुलिस उनके साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, आया नगर में दोनों गुटों के बीच पहले भी एक-दूसरे के लोगों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं। कुछ महीने पहले भी आया नगर गांव में फायरिंग की घटना हुई थी। ऐसे में पुलिस पुरानी रंजिश और गैंग कनेक्शन समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि विजय की हत्या की असली वजह क्या थी और 10 से 12 राउंड गोलियां चलाने वाले दोनों हमलावर कौन हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।