जौनपुर में पिता को बंधक बनाकर बेटे से मांगी फिरौती, नोएडा पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (13/09/2026): सेक्टर-113 थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को बंधक बनाकर उसके परिजनों से फिरौती मांगने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बंधक बनाए गए व्यक्ति को सकुशल बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से .315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद किया गया है।
पूजा कराने के लिए जौनपुर गए थे अनिल कुमार तिवारी
पुलिस के अनुसार, सर्फाबाद निवासी अनिल कुमार तिवारी 5 सितंबर को पूजा कराने के लिए जौनपुर गए थे। आरोप है कि वहां कुछ लोगों ने उन्हें बंधक बना लिया और उनके बेटे से पैसों की मांग की। कई दिनों तक अनिल कुमार तिवारी के घर वापस नहीं लौटने पर उनके बेटे ने 9 सितंबर को थाना सेक्टर-113 में उनकी गुमशुदगी की सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और अनिल कुमार तिवारी की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया।
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और गोपनीय सूचना के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद 11 और 12 सितंबर की मध्यरात्रि मुखिया मार्केट के पास कच्चे रास्ते से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जौनपुर के सिकरारा थाना क्षेत्र के मशीदा गांव निवासी आशीष यादव उर्फ बाबा और प्रवेश यादव उर्फ गोरे के रूप में हुई है। पुलिस ने इसी कार्रवाई के दौरान बंधक बनाए गए अनिल कुमार तिवारी को भी सकुशल बरामद कर लिया।
तमंचा, दो कारतूस और चाकू बरामद
पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान आशीष यादव के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं, दूसरे आरोपी प्रवेश यादव के पास से एक अवैध चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-113 में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। मामले में धारा 127(7)/140 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों और वारदात के पीछे की पूरी साजिश की जानकारी जुटा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।