ग्रेटर नोएडा में करणी सेना के सर्व समाज सम्मेलन पर रोक, अनुमति नहीं मिलने से नाराजगी

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (13/09/2026): ग्रेटर नोएडा के मिर्जापुर गांव में रविवार को श्री राजपूत करणी सेना की ओर से प्रस्तावित सर्व समाज सम्मेलन अनुमति नहीं मिलने के कारण आयोजित नहीं हो सका। कार्यक्रम स्थल पर पुलिस प्रशासन की मौजूदगी शनिवार रात से ही बनी हुई थी। रविवार को पुलिस ने फार्म हाउस के गेट पर ताला लगा दिया, जिसके चलते सम्मेलन को रद्द करना पड़ा।

प्रदेश अध्यक्ष धीरज ठाकुर के अनुसार, संगठन की ओर से सम्मेलन आयोजित करने की तैयारी पूरी कर ली गई थी, लेकिन प्रशासन से कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिली। इसके बावजूद सम्मेलन में शामिल होने के लिए विभिन्न स्थानों से कार्यकर्ता और समर्थक मिर्जापुर पहुंचे। मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस-प्रशासन से कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति देने का आग्रह किया, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के कारण आयोजन स्थल पर सम्मेलन नहीं हो सका।

कार्यक्रम रद्द होने के बाद संगठन के कार्यकर्ता और पदाधिकारी एक स्थान पर एकत्र हुए। वहां उन्होंने संगठन के आगामी कार्यक्रमों और विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चा की। सम्मेलन रोके जाने पर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण एवं सार्वजनिक आयोजनों को अनुमति नहीं देना उचित नहीं है।

यूजीसी के नए कानून को लेकर भी जताया विरोध

इस दौरान करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष धीरज सिंह ने यूजीसी के नए कानून को लेकर संगठन का विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि करणी सेना इस कानून को स्वीकार नहीं करेगी। उनका आरोप है कि प्रस्तावित कानून से समाज में विभाजन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, इसलिए संगठन इसका विरोध कर रहा है।

धीरज सिंह ने केंद्र सरकार से यूजीसी के नए कानून पर पुनर्विचार करने और इसे वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि फिलहाल संगठन की ओर से सांकेतिक रूप से विरोध दर्ज कराया जा रहा है। यदि सरकार की ओर से उनकी मांग पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में आंदोलन को व्यापक रूप दिया जा सकता है।

उन्होंने दावा किया कि मांगों पर सुनवाई नहीं होने की स्थिति में करणी सेना के साथ अन्य लोग भी आगे आकर सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। फिलहाल सम्मेलन की अनुमति नहीं मिलने और आयोजन स्थल पर पुलिस की तैनाती को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। संगठन की ओर से आगे की रणनीति को लेकर जल्द निर्णय लिए जाने की बात कही गई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।